)
दिवाली के त्योहार पर जयपुर आने वाले हवाई यात्रियों की जेब पर इस बार ज्यादा बोझ पड़ने वाला है. मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद और पुणे जैसे शहरों से जयपुर आने वाली फ्लाइट्स का किराया काफी बढ़ गया है. मुंबई से जयपुर आने के लिए टिकट 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है, जबकि इसी दिन जयपुर से मुंबई जाने का किराया करीब 8 हजार रुपये है. यानी एक ही रूट पर आने और जाने के किराए में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है.
दिवाली के दौरान ट्रेनों में सीटें फुल होने और लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्री हवाई सफर का विकल्प चुनते हैं. लेकिन इस बार जयपुर आने वाली फ्लाइट्स के महंगे किराए ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है. हवाई किराए में सात गुना तक बढ़ोतरी होने की बात सामने आई है. एयरलाइंस की किराया नीति को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी लगाई गई है, लेकिन यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है.
मुंबई से जयपुर आने का किराया 25 हजार तक
6 नवंबर को मुंबई से जयपुर आने के लिए 13 फ्लाइट उपलब्ध हैं. इसके बावजूद किराया 16,729 से 24,185 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट्स का किराया 7,926 से 8,389 रुपये के बीच है. इस तरह दोनों तरफ के किराए में काफी अंतर है. हैदराबाद से जयपुर आने के लिए 6 नवंबर को चार फ्लाइट उपलब्ध हैं. इनका किराया 13,678 से 20,450 रुपये तक है. जबकि जयपुर से हैदराबाद जाने के लिए 9,475 रुपये किराया देना होगा.
अहमदाबाद और पुणे से भी महंगा सफर
अहमदाबाद से जयपुर आने के लिए 6 नवंबर को तीन फ्लाइट उपलब्ध हैं. इसके लिए यात्रियों को 18,499 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं. वहीं जयपुर से अहमदाबाद जाने का किराया 6,874 रुपये है. पुणे से जयपुर आने के लिए दो फ्लाइट उपलब्ध हैं. इनका किराया 14,386 से 16,709 रुपये तक है. दूसरी ओर जयपुर से पुणे जाने के लिए टिकट 7,828 रुपये में मिल रहा है.
बेंगलूरु और चेन्नई से आने पर भी ज्यादा खर्च
बेंगलूरु से जयपुर आने के लिए 6 नवंबर को छह फ्लाइट उपलब्ध हैं. इनका किराया 15,222 से 16,894 रुपये तक है. वहीं जयपुर से बेंगलूरु जाने का किराया 8,115 से 9,801 रुपये के बीच है. चेन्नई से जयपुर आने के लिए केवल एक फ्लाइट उपलब्ध है, जिसका किराया 21,099 रुपये है. जबकि जयपुर से चेन्नई जाने के लिए 12,399 रुपये देने होंगे.
दिल्ली, कोलकाता और गोवा से किराया सामान्य
दूसरी ओर दिल्ली से जयपुर आने-जाने का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 20 से 30 प्रतिशत ही बढ़ा है. 6 नवंबर को दिल्ली से जयपुर के लिए आठ फ्लाइट उपलब्ध हैं. वहीं कोलकाता और गोवा से जयपुर आने का किराया 9 से 10 हजार रुपये के बीच है.