)
भारत की स्टार शूटर मनु भाकर इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) एथलीट कमेटी का चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं. वह 2026-2030 के लिए पिस्टल कैटेगरी में नॉमिनेट हुई हैं. मनु इस कैटेगरी में दो निर्वाचित पदों के लिए मुकाबला कर रहे 10 उम्मीदों की लिस्ट में हैं. उन्होंने खेल को मजबूत करने और शूटरों के लिए अधिक सहयोगी. टिकाऊ और प्रगतिशील माहौल बनाने पर जोर दिया है. इससे उन्हें काफी समर्थन मिल रहा है.
मनु की प्रमुख प्राथमिकताओं में पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट का बचाव करना और ओलंपिक कार्यक्रम में इसके दीर्घकालिक भविष्य को सुरक्षित करना और विश्व कप में बेहतर प्राइज मनी के लिए दबाव बनाना शामिल है. एक मीडिया विज्ञप्ति में मनु भाकर के हवाले से कहा गया, "उच्चतम स्तर पर खेलने के कारण मैंने अवसरों की कमी और आने वाली चुनौतियों दोनों का अनुभव किया है.''
कैसा माहौल बनाना चाहती हैं मनु भाकर?
मनु ने आगे कहा, ''मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को खेल में सिर्फ हिस्सा नहीं लेना चाहिए, बल्कि इसके भविष्य के लिए भी आवाज उठानी चाहिए. टूर्नामेंट के नियमों में अधिक स्थिरता, बेहतर वित्तीय और वाणिज्यिक अवसरों, मजबूत एथलीट कल्याण प्रणालियों और एथलीटों की चिंताओं को उठाने के लिए एक अधिक सुलभ मंच बनाने की दिशा में मुझे काम करना है. मैं एक ऐसा माहौल बनाना चाहती हूं जिसमें खिलाड़ी करियर के दौरान और बाद में भी सुना हुआ, समर्थित और सुरक्षित महसूस करें.''
कब होंगे एथलीट समिति के चुनाव?
ISSF एथलीट समिति के चुनाव दोहा में 3 से 13 नवंबर तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्रतियोगिता के दिनों में संपन्न होंगे. मनु ने पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए थे. इसके अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2023 में उन्हें गोल्ड मिला था. उन्होंने इस टूर्नामेंट के 2022 और 2025 संस्करण में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया था. इसके अलावा मनु ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2022 एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था. मनु भाकर को 2020 में अर्जुन अवॉर्ड और 2024 में खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया था.