)
प्रोपर्टी और ज्वेलरी की लालच में भीलवाड़ा शहर में वृद्ध महिला कमला देवी कांकरिया 72 वर्षीय की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस लगातार परत-दर-परत खुलासे कर रही है. वहीं, पुलिस ने आरोपियों को सुभाष नगर स्थित घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का गहनता से अध्ययन किया. आरोपियों से महिला की ज्वेलरी भी बरामद की गई है. घटना स्थल पर नालियों को भी खंगाला जा रहा हैं, जिसमें कई अहम सुराग, हड्डियों के अवशेष मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने डी एन ए जांच के लिए भिजवाया हैं.
आरोपी के बताया कि जिस जगह महिला के शव को जलाया गया था. वहां सबूत मिटाने के लिए फर्श पर सीमेंट औ दीवारों पर पेंट कर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया था. उसे भी पुलिस ने पहले ही चिन्हित किया है और पुलिस मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है.
12 अक्टूबर से लापता थी 72 वर्षीय कमला देवी
भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली कमला देवी कांकरिया 72 वर्षीय जो कि वीर सावरकर चौक में स्थित अपने निवास से 12 अक्टूबर से लापता हो गई थी, जिसकी भीमगंज थाने में बहू रीना काकड़िया ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
हत्या के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू की थी, जिस पर दो युवक रवि तापड़िया और हीरा सिंधी को कमला देवी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर उसके शव को जलाकर अर्धजले अवशेष कोठारी नदी पर बने पालड़ी पुलिया के पास डालने की बात कबूल कर दी थी.
जेसीबी से नदी में तलाशे शव के अवशेष
भीमगंज थाना पुलिस मय जाप्ता मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से बुजुर्ग महिला के शव के अवशेष कोठारी नदी से जप्त किए गए थे. आरोपियों ने हत्या के बाद छत की रंगाई-पुताई के दौरान 3 दर्जन से अधिक लोगों के साथ मिलकर मटन शराब पार्टी भी की थी.
शरीर के पूरे अवशेष नहीं मिले
पुलिस को अभी तक महिला के शरीर के अंगों के पूरे अवशेष नहीं मिले हैं. पुलिस मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी, उनकी रिमांड अवधि समाप्त होने के चलते , पुलिस न्यायालय से आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग करेगी.