)
फिल्म 'मालामाल वीकली' एक सीक्वल पर नया अपडेट आया है. दरअसल, सीक्वल की आधिकारिक घोषणा के कुछ महीनों बाद मूल फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने पुष्टि की है कि वे इस अगली फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. 'वैरायटी इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, 2006 की कॉमेडी फिल्म 'मालामाल वीकली' के सीक्वल पर काम आगे बढ़ रहा है, जिसमें पर्दे के पीछे कुछ बदलाव किए गए हैं. फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन और अभिनेता रितेश देशमुख 'मालामाल वीकली 2' का हिस्सा नहीं होंगे. प्रियदर्शन ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि वे इस प्रोजेक्ट से अलग हो रहे हैं, जबकि खबर है कि सीक्वल के निर्देशन के लिए फिल्म निर्माता अमित जोशी को शामिल किया गया है.
'वैरायटी इंडिया' के साथ बातचीत में प्रियदर्शन ने साफ किया कि वह इस फिल्म के लिए वापस नहीं आएंगे. उन्होंने कहा, 'मैं यह फिल्म नहीं कर रहा हूं. मैंने कोई भी सीक्वल न बनाने का फैसला किया है.' फिल्म निर्माता ने यह भी साफ किया कि वह इस आने वाले प्रोजेक्ट से नहीं जुड़े हैं और इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी में दोबारा काम करने का उनका कोई इरादा नहीं है. प्रियदर्शन ने मूल फिल्म को लिखा और निर्देशित किया था.
अब उन्होंने सीक्वल न बनाने का फैसला किया है. उनके अलग होने का मतलब है कि इस फिल्म के दूसरे भाग की कमान एक अलग क्रिएटिव टीम के हाथों में होगी. 2006 की फिल्म 'मालामाल वीकली' के लीड स्टार्स में से एक रितेश देशमुख भी इसमें वापसी नहीं कर रहे हैं. फिल्म निर्माता अब एक नई कास्ट के साथ आगे बढ़ रहे हैं. इस प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने 'वैरायटी इंडिया' को बताया कि कास्टिंग फाइनल हो गई है और टीम जल्द ही इसकी घोषणा करेगी.
इस सीक्वल के डायरेक्शन के लिए फिल्म निर्माता अमित जोशी को चुना गया है. इससे पहले उन्होंने शाहिद कपूर और कृति सेनन अभिनीत फिल्म 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' का असिस्टेंट-डायरेक्टर किया था. माना जा रहा है कि इस नई फिल्म की कहानी बिल्कुल नई होगी. लेकिन इसमें छोटे शहर का वह मसाला बरकरार रहेगा, जो पहली फिल्म का अहम हिस्सा था. खबरों के अनुसार, अपनी पिछली फिल्म की तरह ही यह कॉमेडी फिल्म भी पैसे लालच और गलतफहमियों जैसे पर आधारित होगी.
2006 में रिलीज हुई 'मालामाल वीकली' में परेश रावल, ओम पुरी, रितेश देशमुख, अरबाज खान, राजपाल यादव और असरानी जैसे कई स्टार्स शामिल थे. प्रियदर्शन द्वारा लिखित और निर्देशित यह कॉमेडी फिल्म एक गांव और वहां के लोगों की कहानी है, जहां एक व्यक्ति को लॉटरी का जीता हुआ टिकट मिल जाता है.
हालांकि, आलोचकों की ओर से इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन दर्शकों ने इसे पसंद किया और यह फिल्म कमर्शियल रूप से सफल रही. 'मालामाल वीकली' 1998 की ब्रिटिश कॉमेडी फिल्म 'वेकिंग नेड' पर आधारित थी. इसकी कहानी कई भाषाओं में आई. इसके रीमेक में तेलुगु फिल्म 'भाग्यलक्ष्मी बंपर ड्रॉ' (2006), कन्नड़ फिल्म 'डकोटा पिक्चर' (2012) और मलयालम फिल्म 'आमायुम मुयलुम' (2014) शामिल हैं. 'आमायुम मुयलुम' का निर्देशन भी प्रियदर्शन ने ही किया था.
इस बीच पहले ऐसी खबरें आई थीं कि एल्विश यादव 'मालामाल वीकली 2' की कास्ट में शामिल हो गए हैं. अगस्त में एल्विश ने अपने फैंस को धन्यवाद देते हुए एक नोट लिखा. उन्होंने लिखा कि वह एक 'आउटसाइडर' हैं और बॉलीवुड में उनका कोई नहीं है, और उनके फैंस के प्यार की बदौलत ही उनका फिल्मी सफर मुमकिन हो पाया है.