)
आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 10 अक्टूबर को होगा. जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए टिकटों की मांग काफी ज्यादा है. क्रिकेट फैंस के बीच इस मैच को लेकर गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है. भारत के दो महान क्रिकेटर विराट कोहली और रोहित शर्मा संभवत: आखिरी बार चीर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए नजर आ सकते हैं. इसे देखते हुए फैंस मुकाबले को देखने से चूकना नहीं चाहते.
ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना है और इसे देखने के लिए लगभग 8.4 मिलियन (84 लाख) टिकटों की मांग है. वांडरर्स स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 34 हजार है. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, स्टेडियम की क्षमता को देखते हुए 247 गुना ज्यादा आवेदन टिकट के लिए आए हैं. इस संख्या ने क्रिकेट फैंस के साथ-साथ आयोजकों को भी हैरान कर दिया है.
फाइनल के लिए 80 लाख टिकटों की मांग
जोहान्सबर्ग में ही 21 नवंबर 2027 को टूर्नामेंट का फाइनल मैच भी होगा. इस खिताबी मुकाबले के लिए लगभग आठ मिलियन (80 लाख) टिकटों के आवेदन आए हैं. अगले साल वर्ल्ड कप की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया को मिली है. टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 7 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी. यह 2023 वर्ल्ड कप का रीमैच होगा. तब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कंगारू टीम ने लाखों भारतीय क्रिकेट फैंस का दिल तोड़कर वर्ल्ड कप जीता था.
तीन बार हो सकता है भारत-पाकिस्तान मैच
भारत ने पुरुषों और महिलाओं दोनों के इंटरनेशनल मुकाबलों में कुल 16 बार पाकिस्तान को हराया है. पाकिस्तानी की टीम पिछली बार 2022 एशिया कप में भारत से जीती थी. 2027 वर्ल्ड कप की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के साथ ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे के अलावा एक क्वालिफाइंग टीम को रखा गया है. ग्रुप स्टेज के अलावा दोनों टीमें सुपर 7 राउंड में एक-दूसरे से खेल सकती हैं. इसके अलावा तीसरा मुकाबला सेमीफाइनल या फाइनल में हो सकता है.
वर्ल्ड कप में भारत का शेड्यूल
7 अक्टूबर: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, केपटाउन
10 अक्टूबर: भारत बनाम पाकिस्तान, जोहान्सबर्ग
14 अक्टूबर: भारत बनाम अफगानिस्तान, सेंचुरियन
17 अक्टूबर: भारत बनाम क्वालिफायर ए, ब्लोएमफोंटेन
24 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे, विक्टोरिया फॉल्स
17 नवंबर: पहला सेमीफाइनल, केपटाउन
18 नवंबर: दूसरा सेमीफाइनल, सेंचुरियन
21 नवंबर: फाइनल, जोहान्सबर्ग.