App

दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, दिल्ली के रेलवे स्टेशन से चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें; जानें कब और कहां से मिलेगी सुविधा

दिवाली और छठ के त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से 13 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इससे यात्रियों को राहत मिलने के साथ स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है.

दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, दिल्ली के रेलवे स्टेशन से चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें; जानें कब और कहां से मिलेगी सुविधा
Image Credit: AI IMAGE

राजधानी दिल्ली में त्योहारों के सीजन को देखते हुए दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों से यात्रियों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि दिवाली-छठ जैसे त्योहार के समय यात्री अपने घर तक आसानी से पहुंच सकें और अपने परिवार के साथ त्योहार मना सके. इसके लिए भारत सरकार के द्वारा दिल्ली के सभी महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इस दौरान दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के तहत रेलवे पुलिस फोर्स और अर्धसैनिक बल के जवान स्टेशन परिसर के अंदर और बाहर निगरानी करते देखे गए.

मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर त्योहारों के सीजन को देखते हुए आरपीएफ और अर्धसैनिक बल के जवानों द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले. यहां हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के परिसर के अंदर और बाहर कड़ी चौकसी करते सुरक्षाकर्मी दिखाई दिए. वहीं, इस दौरान स्कैनिंग मशीन के माध्यम से यात्रियों के सामान की चेकिंग की जा रही थी. इसके बाद उन्हें स्टेशन परिसर के अंदर जाने दिया जा रहा था.

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से स्टेशल ट्रेन
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से 13 जोड़ी ट्रेनें अलग-अलग दिनों में चलाई जा रही हैं. इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से यात्रियों की सुविधा बढ़ी है. वहीं, इस दौरान यात्री भी खुश दिखाई दिए. भारतीय रेलवे की तरफ की गई घोषणाओं में नई दिल्ली और गोरखपुर, आनंद विहार टर्मिनल और छपरा के बीच आरक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं. इसके अलावा, हजरत निजामुद्दीन को झांसी से और गाजियाबाद को अलीगढ़ से जोड़ने वाली अनारक्षित सेवाएं भी शुरू की जाएंगी.

दिल्ली से कब चलेंगी स्पेशल ट्रेन?
उत्तरी रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, ये अतिरिक्त सेवाएं नवंबर में चुनिंदा तारीखों पर चलेंगी. इनमें से कुछ ट्रेनें 3 से 17 नवंबर के बीच चलेंगी, जबकि अन्य 5 से 14 नवंबर के बीच चलाई जाएंगी.

यात्रियों ने सरकार का किया धन्यवाद 
वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से यात्रा कर रहे यात्री वकील ने कहा कि भारत सरकार के द्वारा दिवाली के अवसर पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इसके लिए सरकार का धन्यवाद करते हैं, क्योंकि इनके चलने से हमें यात्रा करने में बहुत सुविधा हो रही है. अन्यथा बहुत भीड़ के साथ हमें यात्रा करनी पड़ती थी और सीट भी नहीं मिलती थी. मगर स्पेशल ट्रेन चलने की वजह से हम लोग आसानी से यात्रा कर रहे हैं और सीट भी मिल गई है.

वहीं, यात्री परमानंद कुशवाहा बताते हैं कि त्योहार के सीजन में स्पेशल ट्रेन चलाना हम लोगों के लिए बहुत अच्छा है, क्योंकि स्पेशल ट्रेन चलने से बहुत ही सुविधाजनक तरीके से यात्रा करते हैं. सीट भी मिल जाती है और यात्रा भी अच्छी होती है. अन्यथा भीड़ के साथ सफर करना पड़ता है और पूरी यात्रा के दौरान ट्रेन के अंदर खड़ा होना पड़ता है. ऐसे में भारत सरकार का यह फैसला बहुत अच्छा है.

वहीं, यात्री अफसाना बताती हैं कि मैं पहली बार स्पेशल ट्रेन से यात्रा कर रही हूं. अच्छा लग रहा है, ट्रेन में भीड़ नहीं है. ट्रेन में चढ़ने में भी कोई दिक्कत नहीं हुई, नहीं त्योहारी सीजन में ट्रेन में इतनी भीड़ होती है कि लोग चढ़ भी नहीं पाते हैं. ऐसे में स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों की सुविधा बढ़ी है और यात्रा भी बहुत सहजता से हो रही है.

'स्पेशल ट्रेन का कोई फायदा नहीं'
वहीं, रोशन सिन्हा बताते हैं कि स्पेशल ट्रेन चलने से ज्यादा फायदा नहीं लग रहा, क्योंकि टिकट का दाम भी ज्यादा लग रहा है और ऊपर से ट्रेन काफी लेट चल रही है. इसलिए स्पेशल ट्रेन के होने का कोई फायदा मुझे नहीं लग रहा. बस यात्री सीट पर बैठकर जा रहे हैं, यही सुविधा है.

इन जगहों के लिए चलेंगी दिल्ली से स्पेशल ट्रेन
वहीं, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के स्टेशन हेड शिवनंद शर्मा ने कहा कि निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आगरा, झांसी, ग्वालियर, महोबा और ललितपुर की तरफ ट्रेनें जाती हैं. त्योहारों के इस सीजन को देखते हुए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से 13 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो अलग-अलग दिनों में रवाना होती हैं. किसी दिन तीन स्पेशल ट्रेनें हैं, तो किसी दिन चार और किसी दिन दो स्पेशल ट्रेनें जा रही हैं.

स्पेशल ट्रेनें चलने से स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी कम है और लोग आसानी से यात्रा कर रहे हैं. आखिरी रेलवे स्टेशन खजुराहो तक स्पेशल ट्रेन से लोग यात्रा कर रहे हैं. वहीं, इस दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त देखी गई.

(हरि किशोर साह की रिपोर्ट)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More