)
मध्य प्रदेश के देवास जिले में हाल ही में अवैध शराब कारोबारियों की तरफ से अधिकारी पर हमले की घटना के बाद अब वन विभाग के अधिकारी पूरी तरह सतर्क और सख्त नजर आ रहे हैं. ताजा मामला विदिशा जिले की गंजबासौदा तहसील से सामने आया है. जहां पर वन विभाग के एक रेंजर का पिस्टल हाथ में लेकर अवैध पत्थर से भरे ट्रक का पीछा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह पूरा मामला गंजबासौदा के उदयपुर क्षेत्र का बताया जा रहा है. यहां पर वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से पत्थर का परिवहन कर रहे एक ट्रक को पकड़ा था. वनकर्मी जब इस जब्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय जा रहे थे, तभी ट्रक चालक शाहिद खान ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी और भागने का प्रयास करने लगा.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेंजर अनिल कुमार ने अपनी आत्मरक्षा और सुरक्षा के मद्देनजर सरकारी रिवॉल्वर/पिस्टल निकालकर ट्रक का पीछा किया. इस पूरी घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है. वन विभाग ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है. साथ ही, आरोपी चालक शाहिद खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
इस पूरे मामले पर जब हमने विदिशा के वन मंडल अधिकारी हेमंत यादव से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वन संपदा की सुरक्षा और मैदानी अमले की आत्मरक्षा सर्वोपरि है. विदिशा वनमंडल की तरफ से लगातार अवैध उत्खनन और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने आगे कहा कि बासौदा इलाके में अवैध उत्खनन की सूचना पर हमारी टीम ने कार्रवाई की थी. सरकार की तरफ से आत्मरक्षा और वन संपदा की सुरक्षा के लिए अधिकारियों को रिवॉल्वर दिए गए हैं. अगर ऐसी कोई परिस्थिति बनती है, जहां किसी अधिकारी की जान को खतरा हो या हमला करने का प्रयास किया जाए, तो आत्मरक्षा में सरकारी हथियारों का उपयोग किया जा सकता है.
हालांकि, यहां हथियार का उपयोग गोली चलाने के लिए नहीं, बल्कि आरोपी चालक द्वारा तेजी से ट्रक भगाने और सुरक्षा के एहतियातन तौर पर डराने के लिए किया गया है. पहले भी ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें वनकर्मी घायल हुए या जान गंवानी पड़ी है. इसलिए एहतियात बरतना जरूरी है. फिलहाल, आरोपी चालक शाहिद खान को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः दीपेश शाह, विदिशा)