Asian Games 2026: डिफेंडिंग चैंपियन भारत का हॉकी में बड़ा मिशन, जानें कब-किससे होंगे मुकाबले और कैसा रहा है रिकॉर्ड
Asian Games 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम खिताब बचाने उतरेगी. भारत को Pool A में जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है. हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगी. गोल्ड जीतने वाली टीम को LA 2028 ओलंपिक का सीधा टिकट मिलेगा.
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम एक बार फिर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी. भारत पिछली बार 2023 में हांगझोउ एशियन गेम्स में चैंपियन बना था और इस बार भी टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. खास बात यह है कि 2026 एशियन गेम्स का हॉकी गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम को सीधे लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का टिकट मिलेगा. यानी भारत के लिए यह टूर्नामेंट सिर्फ प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं, बल्कि ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिहाज से भी बेहद अहम है.
भारत को पूल-ए में मिली जगह
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इन्हें दो पूल में बांटा गया है. डिफेंडिंग चैंपियन भारत को पूल-ए में रखा गया है. इस पूल में भारत के अलावा मेजबान जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया हैं.
वहीं पाकिस्तान को पूल-बी में मलेशिया, चीन, ओमान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के साथ रखा गया है. इसका मतलब है कि ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं होगा. दोनों टीमें अगर सेमीफाइनल तक पहुंचती हैं, तभी भारत-पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत संभव है.
भारत के हॉकी मैच कब और किससे?
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर 2026 को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगी. इसके बाद ग्रुप स्टेज में भारत को श्रीलंका, दक्षिण कोरिया, जापान और बांग्लादेश का सामना करना है.
भारत का पूरा ग्रुप स्टेज शेड्यूल:
20 सितंबर: भारत vs इंडोनेशिया — शाम 4:30 बजे IST
22 सितंबर: भारत vs श्रीलंका — रात 8:30 बजे IST
24 सितंबर: दक्षिण कोरिया vs भारत — शाम 4:30 बजे IST
26 सितंबर: जापान vs भारत — शाम 6:30 बजे IST
28 सितंबर: भारत vs बांग्लादेश — रात 8:30 बजे IST
ये सभी मुकाबले जापान के काकामिगाहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे.
ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को होंगे, जबकि पुरुष हॉकी का ब्रॉन्ज मेडल और गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा।
एशियन गेम्स में भारत का शानदार इतिहास
एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है. पुरुष टीम ने अब तक 4 बार गोल्ड मेडल जीता है. भारत ने पहली बार 1966 बैंकॉक एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. इसके बाद 1998 बैंकॉक, 2014 इंचियोन और 2023 हांगझोउ में भी टीम चैंपियन बनी.
भारत के खाते में एशियन गेम्स में 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल भी हैं. 2023 में भारत ने जापान को फाइनल में हराकर चौथा गोल्ड जीता था. उस जीत के साथ टीम ने पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालिफाई किया था.
कुल मिलाकर भारत ने एशियन गेम्स हॉकी में 96 मैच खेले हैं, जिनमें 76 जीत, 8 ड्रॉ और 12 हार दर्ज हैं. टीम ने इन मुकाबलों में 477 गोल किए हैं और 79 गोल खाए हैं.
इस बार लक्ष्य सिर्फ गोल्ड नहीं, ओलंपिक टिकट भी
2026 में भारत के सामने चुनौती आसान नहीं होगी. पूल-ए में जापान और दक्षिण कोरिया जैसी टीमें मौजूद हैं, जबकि नॉकआउट चरण में पाकिस्तान, मलेशिया या चीन जैसी टीमों से सामना हो सकता है. भारत के लिए सबसे बड़ा लक्ष्य अपना एशियन गेम्स खिताब बचाने के साथ LA 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करना होगा.
कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम अनुभव और युवा जोश के मिश्रण के साथ मैदान पर उतरेगी. एशियन गेम्स में भारत का रिकॉर्ड देखकर साफ है कि हॉकी में देश की उम्मीदें एक बार फिर गोल्ड मेडल पर टिकी होंगी.