SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Asian Games 2026: कबड्डी में भारत का डबल धमाका, पुरुषों और महिला टीम फाइनल में, गोल्ड से एक कदम दूर

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कबड्डी में डबल धमाका किया है. पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-28 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि महिला टीम ने नेपाल को 48-24 से मात देकर खिताबी मुकाबले में एंट्री की. दोनों टीमें शनिवार को गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 25, 2026, 12:15 PM IST | Updated: Oct 01, 2026, 01:25 AM IST
Image Credit: Mens and Womens Kabaddi Teams Storm Into Finals
Join

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कबड्डी के मैदान पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है. भारत की महिला और पुरुष दोनों ही टीमों ने कबड्डी के फाइनल में एंट्री कर ली है. अब दोनों ही टीमों की नजर गोल्ड मेडल पर है. शुक्रवार को भारतीय महिला और पुरुष कबड्डी टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली. पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-28 से एकतरफा अंदाज में हराया, जबकि महिला टीम ने नेपाल को 48-24 से शिकस्त दी.

डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा. मुकाबले के पहले पांच मिनट में भारत ने 7-1 की बढ़त बना ली थी. थाईलैंड के लिए मुकाबला मुश्किल होता जा रहा था और भारत लगातार अंक बटोर रहा था. थाईलैंड ने हार नहीं मानी और थीरादत चाइसित ने शानदार रेड डालकर अपनी टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की. उनकी रेड से थाईलैंड को तीन अंक मिले और भारत ऑलआउट भी हुआ. इसके बाद थाईलैंड ने अंतर घटाकर 14-23 कर दिया.

(ये भी पढे़ं- Asian Games 2026: भारत ने जीता सिल्वर, शूटिंग में चीन से मामूली अंतर से चूका गोल्ड, स्क्वॉश और टेबल टेनिस में भी पक्का हुआ मेडल)  

कबड्डी में भारत का डबल धमाका

हालांकि, भारत ने दबाव में आने के बजाय फिर से अपनी पकड़ मजबूत कर ली. थीरादत चाइसित अपनी टीम के लिए लगातार अंक जुटाते रहे, लेकिन भारतीय डिफेंस और रेडिंग के सामने थाईलैंड ज्यादा देर तक टिक नहीं सका. हाफ टाइम तक भारत 37-18 से आगे था. दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का तूफानी प्रदर्शन जारी रहा. मुकाबले में करीब 11 मिनट बाकी रहते ही भारत ने 50 अंक पूरे कर लिए और उस समय स्कोर 50-23 था. इसके बाद थाईलैंड के लिए वापसी लगभग नामुमकिन हो गई.

भारतीय टीम ने मुकाबले में कुल 43 आउट किए, जबकि थाईलैंड के खाते में 20 आउट रहे. भारत ने 8 ऑल-आउट पॉइंट्स हासिल किए, जबकि थाईलैंड को सिर्फ 2 ऑल-आउट पॉइंट मिले. इसके अलावा भारत ने 15 बोनस अंक भी जुटाए, जबकि थाईलैंड केवल 5 बोनस अंक हासिल कर सका.

महिला टीम ने भी फाइनल में बनाई जगह

पुरुष टीम की जीत के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी शानदार खबर दी. डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली. भारत ने मुकाबले की शुरुआत भी तेज की और पहले पांच मिनट के बाद 9-5 की बढ़त बना ली. भारतीय रेडर्स लगातार अंक जुटा रही थीं, जबकि नेपाल की टीम भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी. नेपाल ने मुकाबले में कई बार भारत को परेशान किया. एक मौके पर नेपाल ने सोनाली पर शानदार सुपर टैकल किया और भारतीय रेडर को लाइन तक पहुंचने से रोक दिया. इसके बावजूद भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी और स्कोर 15-10 हो गया.

(ये भी पढे़ं- भारत बनाम वेस्टइंडीज: 142 मैचों में किस पर कौन भारी? जानिए किसने ठोके सबसे ज्यादा शतक, उड़ाए सबसे ज्यादा छक्के)

फाइनल में किससे भिड़ेंगी महिला और पुरुष टीमें?

इसके बाद नेपाल की गंगा घिमिरे ने जबरदस्त रेड करते हुए चार अंक हासिल किए. एंकल होल्ड के बावजूद वह लाइन छूने में सफल रहीं. लंबी जांच के बाद इस रेड को चार अंक दिया गया और नेपाल ने अंतर कम कर दिया. पहले हाफ में चार मिनट बाकी रहते भारत 21-15 से आगे था. पहले हाफ के आखिरी हिस्से में भारत ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी. संजू देवी और सोनाली के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने ब्रेक तक 31-17 की मजबूत बढ़त बना ली. दूसरे हाफ में भी डिफेंडिंग चैंपियन ने नेपाल को वापसी का मौका नहीं दिया. भारत ने लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी और आखिरकार मुकाबला 48-24 से अपने नाम कर लिया. पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमें अब शनिवार को फाइनल में गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी. दोनों फाइनल में भारत का सामना चाइनीज ताइपे या ईरान में से किसी एक टीम से होगा. भारत की दोनों कबड्डी टीमें अब एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडन जीतने से सिर्फ एक जीत दूर हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES