)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का आगाज रविवार यानी 27 सितंबर से होगा. तीन मैचों की यह वनडे इंटरनेशनल सीरीज 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेली जाएगी. पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. शुभमन गिल के सामने बतौर ODI कप्तान अपनी दूसरी सीरीज जीतने का लक्ष्य है. टीम इंडिया को विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी बल्लेबाजों से भी बड़ी पारियों की उम्मीद होगी.
श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है. वहीं, टीम में दो नए चेहरों आकिब नबी डार और नमन धीर को भी शामिल किया गया है. ऐसे में इस सीरीज में कुछ नए खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिल सकता है. वेस्टइंडीज ने भी भारत दौरे के लिए मजबूत टीम चुनी है. जेडन सील्स, शमार जोसेफ और अल्जारी जोसेफ जैसे तेज गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं. भारतीय परिस्थितियों में इन गेंदबाजों का प्रदर्शन सीरीज के नतीजे पर असर डाल सकता है.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 142 वनडे मुकाबले खेले गए हैं. भारत ने इनमें 72 मैच जीते हैं, जबकि 64 मुकाबलों में वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की है. दोनों देशों के बीच 2 ODI मैच टाई और 4 ODI मैच बेनतीजा रहे हैं.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आखिरी ODI मुकाबला 1 अगस्त 2023 को तारौबा में खेला गया था. उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 351/5 का विशाल स्कोर बनाया और वेस्टइंडीज को 200 रन से हराया था.
भारत ने 29 अक्टूबर 2018 को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में वेस्टइंडीज को 224 रन से हराया था. भारत ने 378 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे वेस्टइंडीज की टीम हासिल नहीं कर सकी. वेस्टइंडीज की टीम 36.2 ओवर में 153 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 दिसंबर 2011 को इंदौर के होलकर स्टेडियम में 50 ओवर में 418/5 का विशाल स्कोर बनाया था. यह दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा ODI टीम टोटल है.
भारत का वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे कम ODI स्कोर 100 रन है. टीम इंडिया 16 नवंबर 1993 को अहमदाबाद में 28.3 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
भारत के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 वनडे मैचों में सबसे ज्यादा 2261 रन बनाए हैं. वह दोनों टीमों के बीच ODI इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 8 दिसंबर 2011 को इंदौर में 149 गेंदों पर 219 रन की पारी खेली थी. यह दोनों टीमों के बीच सबसे बड़ा व्यक्तिगत ODI स्कोर है.
विराट कोहली का वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा 66.50 का औसत है.विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 वनडे इंटनेशनल मैचों की 41 पारियों में 66.50 की औसत के साथ 2261 रन बनाए हैं.
विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 वनडे मैचों में सबसे ज्यादा 9 शतक लगाए हैं. यह दोनों टीमों के बीच खेले गए मैचों में किसी बल्लेबाज के सबसे ज्यादा ODI शतक हैं.
रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 37 वनडे मैचों में सबसे ज्यादा 35 छक्के लगाए हैं. दोनों टीमों के बीच यह सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है.
क्रिस गेल ने नवंबर 2002 में भारत दौरे पर 7 वनडे मैचों में 455 रन बनाए थे. यह दोनों टीमों के बीच एक ODI सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है.
भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 21 अक्टूबर 2018 को गुवाहाटी में खेले गए एक ODI मैच में दूसरे विकेट के लिए 246 रन की साझेदारी की थी.
भारत के स्पिनर रवींद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श ने 44-44 विकेट लिए हैं. दोनों गेंदबाज इस रिकॉर्ड लिस्ट में संयुक्त रूप से टॉप पर हैं.
वेस्टइंडीज के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पैट्रिक पैटरसन ने 1987-88 के भारत दौरे पर 6 वनडे मैचों में 17 विकेट लिए थे.
भारत के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर एमएस धोनी ने 39 मैचों में 47 डिसमिसल किए हैं. इनमें 33 कैच और 14 स्टंपिंग शामिल हैं. यह दोनों टीमों के बीच सबसे ज्यादा विकेटकीपर डिसमिसल का रिकॉर्ड है.
वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर विव रिचर्ड्स ने भारत के खिलाफ 31 ODI मैचों में 26 कैच पकड़े हैं.