कौवे को खाना खिलाए बिना क्यों अधूरा है श्राद्ध? जानिए यमराज और पितरों से जुड़ा ये खास कनेक्शन
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कौवे को यमराज और पितरों का संदेशवाहक माना जाता है, इसलिए उन्हें भोजन कराने से सीधे पितरों की आत्मा तृप्त होती है और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है.
पितृ पक्ष की शुरूआत हो चुकी है, इस दौरान आपने अक्सर देखा होगा कि श्राद्ध का खाना सबसे पहले कौवों के लिए निकाला जाता है. सनातन परंपरा में माना जाता है कि जब तक कौवा आकर उस भोजन का अंश नहीं चख लेता, तब तक श्राद्ध कर्म पूरा नहीं माना जाता है.
आखिर पितरों का तर्पण करने के लिए कौवे को ही क्यों चुना गया और क्या सच में ये निवाला पूर्वजों तक पहुंचता है. आज हम इस खबर में इसके पीछे क्या पौराणिक कारण है और गरुड़ पुराण में बताई बातों को डिटेल से जानेंगे.
गरुड़ पुराण के अनुसार यमराज के दूत हैं कौवे
शास्त्रों और गरुड़ पुराण के मुताबिक कौवे को यमराज का मैसेंजर यानी संदेशवाहक माना गया है. धार्मिक मान्यता है कि पितृ पक्ष में हमारे दिवंगत पूर्वज कौवे का रूप धारण करके पृथ्वी पर आते हैं.
वे अपने परिवार द्वारा दिए गए भोजन को स्वीकार करते हैं. माना जाता है कि कौवे के माध्यम से जो भी भोजन अर्पण किया जाता है, उसकी तृप्ति सीधे पितरों की आत्मा को मिलती है.
इसके अलावा कौवे को भविष्य में होने वाली शुभ और अशुभ घटनाओं का पहले से आभास हो जाता है.
जयंत की पौराणिक कथा
गोस्वामी तुलसीदास जी द्वारा रचित रामचरितमानस के अरण्यकांड में इससे जुड़ी एक कथा मिलती है. त्रेतायुग में देवराज इंद्र के पुत्र जयंत ने कौवे का रूप धारण कर लिया था.
उसने माता सीता के चरणों में चोंच मारकर उन्हें घायल कर दिया था. जब प्रभु श्रीराम ने माता सीता के पैर से खून बहता देखा, तो उन्होंने एक तिनके का बाण बनाकर जयंत पर छोड़ दिया.
बाण से अपनी जान बचाने के लिए जयंत तीनों लोकों में भटका, लेकिन किसी ने उसकी रक्षा नहीं की.
भगवान श्रीराम ने दिया था कौवे को खास वरदान
जब जयंत को कहीं शरण नहीं मिली, तो वह हारकर वापस श्रीराम और माता सीता के चरणों में गिर पड़ा. उसने भगवान से अपनी भूल की क्षमा मांगी.
दयालु श्रीराम ने उसे माफ कर दिया, लेकिन अपने बाण का प्रभाव बनाए रखने के लिए उसकी एक आंख फोड़ दी.
इसके साथ ही प्रभु राम ने जयंत को ये वरदान दिया कि आज से तुम्हारे जरिए दिया गया भोजन पितरों को प्राप्त होगा. उससे पितरों को शांति मिलेगी. तभी से श्राद्ध में कौवों को भोजन कराने की परंपरा चली आ रही है.
पितृ दोष और कालसर्प दोष से मिलती है मुक्ति
धार्मिक दृष्टिकोण के अनुसार पितृ पक्ष में कौवों को दाना-पानी देने से कुंडली के बड़े दोष दूर होते हैं. अगर किसी जातक की कुंडली में पितृ दोष या कालसर्प दोष है, तो कौवों को रोज खाना खिलाने से इसका प्रभाव कम होता है.
ऐसा करने से घर के पूर्वज प्रसन्न होते हैं. पूर्वजों की कृपा से परिवार में सुख और शांति बनी रहती है. इसीलिए श्राद्ध के दिनों में सबसे पहला ग्रास कौवे का निकाला जाता है.
अगर आप कौवे को भोजन कराते हैं तो इसका मतलब ये सिर्फ धार्मिक कर्मकांड ही नहीं है. ये इंसानों को प्रकृति और पक्षियों से जोड़ने का तरीका भी है.
श्राद्ध का भोजन कौवे के अलावा गाय और कुत्ते को भी दिया जाता है. ये परंपरा हमें सिखाती है कि अपने पूर्वजों के लिए या उनकी याद में हमें जीवों की सेवा करनी चाहिए.
जब हम कौवे को भोजन कराते हैं, तो हम अपनी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए पूर्वजों के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं.
(Disclaimer): यह लेख धार्मिक मान्यताओं, गरुड़ पुराण और रामचरितमानस में वर्णित पौराणिक कथाओं पर आधारित है.
ये भी पढ़ें: उम्मीद की नई किरण: 34 साल बाद खुला ऐतिहासिक शीतलनाथ मंदिर, कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की जगी आस