App

तिरुपति बालाजी मंदिर में विशेष 'पुष्पयज्ञम्' पूजा आज, शाम को नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान

तिरुपति बालाजी मंदिर में आज (सोमवार, 16 नवंबर) को विशेष 'पुष्पयज्ञम्' पूजा की जानी है. इस विशेष अनुष्ठान में 5 टन फूल-पत्तियों का उपयोग किया जाएगा. दोपहर 1 बजे से 'पुष्पयज्ञम्' की पूजन-विधि शुरू होगी, जोकि शाम 5 बजे तक चलेगी.

तिरुपति बालाजी मंदिर में विशेष 'पुष्पयज्ञम्' पूजा आज, शाम को नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान
Image Credit: तिरुपति बालाजी मंदिर में 'पुष्पयज्ञम्' विशेष पूजा आज (File Photo- TTD)

आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में आज (सोमवार, 16 नवंबर) को विशेष 'पुष्पयज्ञम्' पूजा की जानी है. इस दौरान भगवान वेंकटेश्वर स्वामी समेत पूरे मंदिर परिसर को सुंदर फूलों और पत्तियों से सजाया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, इस विशेष अनुष्ठान में 5 टन फूल-पत्तियों का उपयोग किया जाएगा. आज सुबह से ही विशेष पूजन विधि शुरू हो चुकी है. सुबह-सुबह मंदिर के मुख्य पुरोहित द्वारा भगवान मलयप्पा स्वामी का श्रीदेवी और भूदेवी के साथ स्नापन कराया गया. दोपहर 1 बजे से 'पुष्पयज्ञम्' की पूजन-विधि शुरू होगी, जोकि शाम 5 बजे तक चलेगी. इसके बाद भगवान की उत्सव मूर्तियों को नगर भ्रमण के लिए निकाला जाएगा. इस यात्रा में बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है.

'श्रवण नक्षत्र' में होता है 'पुष्पयज्ञम्' 

'तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम्' (TTD) ट्रस्ट ने 'पुष्पयज्ञम्' अनुष्ठान को लेकर बताया कि यह एक वार्षिक समारोह है, जो कि वार्षिक ब्रह्मोत्सव के बाद 'श्रवण नक्षत्र' के दिन आयोजित किया जाता है. टीटीडी ने बताया कि इसी नक्षत्र में भगवान वेंकटेश्वर का जन्म हुआ था. TTD ने बताया कि 'पुष्पयज्ञम्' से एक दिन पहले 'अंकुरार्पणम्' किया जाता है. 

इस दिन दैनिक पूजा के बाद भगवान मलयप्पा स्वामी को श्रीदेवी और भूदेवी के साथ संपंगी मंडपम में एक विशेष स्वर्ण मंच पर विराजमान किया जाता है. कल यानी रविवार (15 नवंबर) को इस अनुष्ठान को संपन्न किया गया था.

प्रकृति प्रेम को दर्शाता है यह अनुष्ठान

टीटीडी ने कहा कि शास्त्रों में इस अनुष्ठान का विशेष महत्व है. यह उत्सव मुख्य रूप से पृथ्वी को भूकंप, चक्रवात और महामारियों जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए आयोजित किया जाता है. इसका उद्देश्य भगवान को प्रसन्न करना है, ताकि वे मानवता, पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं को सभी प्रकार की विपत्तियों से बचा सकें.

अश्वमेध यज्ञ के समान है पुष्पयज्ञम्

ट्रस्ट ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार, 'पुष्पयज्ञम्' का आयोजन करना एक अश्वमेध यज्ञ करने के समान पुण्यदायी माना जाता है. यह अनुष्ठान सुख, समृद्धि, शांति और मोक्ष प्रदान करता है. इस अनुष्ठान में कई टन ताजे और सुगंधित फूलों और पवित्र पत्तियों से भगवान का अभिषेक किया जाता है. शाम को भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More