SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हिमाचल का सुप्रसिद्ध चिंतपूर्णी मंदिर: जानिए छिन्नमस्तिका धाम का इतिहास, रहस्य और धार्मिक मान्यताएं

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर एक पवित्र शक्तिपीठ है. 14वीं शताब्दी में भक्त माई दास द्वारा खोजे गए इस छिन्नमस्तिका धाम में मां सती के चरण गिरे थे, जहां दर्शन मात्र से भक्तों की हर चिंता दूर होती है.

Written By Harsh Singh
Published: Sep 21, 2026, 06:15 PM IST | Updated: Sep 21, 2026, 06:53 PM IST
Join

अगर आप कभी हिमाचल प्रदेश की यात्रा पर जा रहे हैं, तो ऊना जिले में स्थित माता चिंतपूर्णी के मंदिर के दर्शन का प्लान जरूर बनाना चाहिए. ये मंदिर उत्तर भारत के सबसे प्रसिद्ध और पवित्र शक्तिपीठों में से एक माना जाता है.

ये पावन धाम चारों तरफ से सुंदर पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा हुआ है. चिंतपूर्णी नाम का सीधा सा मतलब है, भक्तों की सभी चिंताओं को दूर करने वाली देवी.

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, यहां माता सती के पवित्र चरण गिरे थे. देवी चिंतपूर्णी को यहां छिन्नमस्तिका के नाम से भी पूजा जाता है.

14वीं शताब्दी में भक्त माई दास से जुड़ी कथा

माता चिंतपूर्णी मंदिर की खोज के पीछे 14वीं शताब्दी की एक बहुत ही प्रसिद्ध कहानी जुड़ी है. पटियाला के पास अठूर गांव में जन्मे माई दास जी दुर्गा मां के बहुत बड़े भक्त थे.

जब उनके भाइयों ने उन्हें परिवार से अलग कर दिया, तब भी उन्होंने पूजा-पाठ का रास्ता नहीं छोड़ा. एक बार अपने ससुराल जाते समय वो छपरोह के जंगलों में एक बड़े बरगद के पेड़ के नीचे आराम करने लगे.

थकावट की वजह से जब उन्हें नींद आई, तो सपने में देवी मां ने उन्हें दर्शन दिए और उसी पेड़ के नीचे अपनी पिंडी बनाकर पूजा करने को कहा.

पानी के संकट और चमत्कारिक पत्थर का रहस्य

जब माई दास जी ने देवी मां से कहा कि इस घने जंगल में पीने के लिए पानी भी नहीं है, तब मां दुर्गा ने उन्हें रास्ता दिखाया.

देवी के कहने पर माई दास जी ने पास में पड़ा एक भारी पत्थर हटाया, तो उसके नीचे से साफ पानी का झरना बह निकला.

आज भी मंदिर परिसर में वह सुंदर तालाब मौजूद है, जिसके जल से माता का अभिषेक किया जाता है. जिस पत्थर को हटाकर पानी निकला था, वो चमत्कारिक पत्थर आज भी मंदिर में दर्शन के लिए रखा गया है.

मार्कंडेय पुराण और छिन्नमस्तिका रूप की कहानी

मार्कंडेय पुराण के अनुसार, जब देवी चंडी ने राक्षसों का वध कर दिया, तो उनके साथ रहने वाली दो सहेलियों को बहुत तेज भूख और प्यास लगी.

उनकी प्यास बुझाने के लिए देवी ने अपना ही सिर काट लिया और बहती हुई रक्तधारा से उनकी प्यास शांत की. इसी वजह से देवी के इस रूप को छिन्नमस्तिका कहा गया.

इसके अलावा, चिंतपूर्णी धाम चारों तरफ से चार शिव मंदिरों, कालेश्वर महादेव, शिववाड़ी, नारायण महादेव और मुचकुंद महादेव से घिरा हुआ है.

कैसे पहुंचें, कहां ठहरें और कब लगता है मेला?

चिंतपूर्णी पहुंचने के लिए चंडीगढ़, दिल्ली, शिमला, धर्मशाला और होशियारपुर से सीधी बसें मिल जाती हैं. यहां साल में तीन बार, चैत्र, सावन और अश्विन महीने के नवरात्रों में  बहुत बड़ा मेला लगता है, जिसमें लाखों भक्त पहुंचते हैं.

यात्रियों के ठहरने के लिए बस अड्डे और मंदिर के पास कई अच्छी धर्मशालाएं बनी हुई हैं. जब आप मुख्य मंदिर के अंदर जाते हैं, तो पहले आपको लक्ष्मी नारायण जी के दर्शन होते हैं, जिसके बाद मां चिंतपूर्णी की पवित्र पिंडी के दर्शन मिलते हैं.

सरकारी ट्रस्ट और मंदिर का प्रबंधन

साल 1987 से चिंतपूर्णी मंदिर की पूरी देखरेख हिमाचल प्रदेश सरकार के हाथों में है. इसके लिए एक सरकारी ट्रस्ट बनाया गया है, जिसके मुख्य अधिकारी ऊना जिले के कलेक्टर होते हैं.

वहीं स्थानीय एसडीएम और तहसीलदार मंदिर की रोजमर्रा की व्यवस्थाओं का ध्यान रखते हैं, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में कोई परेशानी न हो और सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहें.

ये भी पढ़ें: केवल नजर दोष ही नहीं! दुकान के दरवाजे पर नींबू-मिर्च टांगने के पीछे छुपे हैं ये बड़े कारण
(Disclaimer): यह लेख धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक ग्रंथों और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की जानकारियों पर आधारित एक विवरणात्मक रिपोर्ट है. इसका उद्देश्य पाठकों तक भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाना है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES