राजा को खाटू श्याम बाबा ने सपने में दर्शन क्यों दिए? जानिए शीश के दानी के प्रकट होने की लोक कथा
खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि पर क्यों मनाया जाता है, क्यों बाबा ने राजा को दर्शन दिया और शीश के दानी कैसे प्राकट्य की क्या लोक कथा है? आइए इस बारे में विस्तार से जानें.
Khatu Shyam Birthday Katha: कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है. इस साल यह तिथि 20 नवंबर 2026 को है. राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम में इस दिन भारी संख्या में भक्त श्याम बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. आइए जानें खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव क्यों कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि पर मनाने की परंपरा है, बाबा के जन्मोत्सव से जुड़ी लोक कथा क्या है और कैसे श्याम बाबा का प्राकट्य हुआ? आइए इस लेख में विस्तार से इस बारे में जानें.
महाभारत युद्ध और श्याम बाबा
खाटू श्याम बाबा को श्याम बाबा भी कहा जाता है. हालांकि, श्याम बाबा का नाम बर्बरीक है जो महायोद्धा और पांडवों में से एक भीम के पोते हैं. श्याम बाबा ने जब शीश का बलिदान दिया तो भगवान श्रीकृष्ण ने प्रसन्न होकर उन्हें वरदान दिया कि कलियुग में वे भगवान श्रीकृष्ण के श्याम नाम से ही जाने जाएंगे. महाभारत युद्ध में जब बाबा का शीश कट गया तब अपने कटे हुए शीश से ही उन्होंने पूरा युद्ध देखा और युद्ध के समापन पर युद्ध का निर्णय सुनाया था. श्रीकृष्ण के कहने पर बाबा ने शीश दान कर दिया जिसके कारण उन्हें 'शीश के दानी' भी कहा जाता है. बाद में भगवान श्रीकृष्ण के वरदान से ही सीकर जिले में बाबा के शीश का प्राकट्य हुआ था. इससे जुड़ी एक लोक कथा भी है.
राजा को आया सपना
पुराने समय से ही एक लोक कथा चलती आ रही है कि खाटू नगरी में राजा खट्टवान का शासन था. जहां पर आज श्याम कुंड है उस स्थान पर तब एक बड़ा सा रेत का टीला हुआ करता था. इसी टीले का पास ही एक स्थान पर जाकर गाय शांति से खड़ी हो जाती थी. इसी जगह पर अपने आप ही उसके थन से दूध की धारा निकल पड़ती थी. जब ऐसा बार-बार होने लगा तो लोगों को उत्सुकता हुई कि उस जगह पर ऐसा क्या है कि गाय बार-बार वहीं जाकर खड़ी हो जाती है. यह बात राजा के पास पहुंची. पहले तो राजा को इस बात पर विश्वास नहीं किया लेकिन जब गाय के थन से दूध निकलते हुए राजा ने खुद अपनी आंखों से देखा तब जाकर राजा को इस बात पर विश्वास हुआ. राजा ने आदेश दिया की टीले के नीचे क्या है इसका पता लगाने के लिए इस जगह की खुदाई करो. वहीं, राजा के सामने ही कुछ मजदूरों ने जैसे ही उस जगह की खुदाई करनी शुरू की वैसे ही जमीन के भीतर से आवाज आई, किसी ने कहा अरे धीरे-धीरे खोदो, यहां पर मेरा शीश है. जमीन के भीतर से ऐसी आवाज सुनते ही सभी डर गए और राजा भी परेशान होकर वहां से चले गए.
खुदाई से प्रकट हुआ बाबा का शीश
उसी रात राजा को श्याम बाबा ने सपने में दर्शन दिए. बाबा ने राजा से कहा- हे राजन! अब समय आ गया है मेरे शीश के अवतार का. मैं महाभारत काल का बर्बरीक हूं. भगवान श्री कृष्ण को मैंने अपने शीश दान में दे दिया था और उनसे कलियुग में पूजित होने का वरदान पाया था. टीले के नीचे मेरा ही शीश है जिसे धीरे-धीरे खुदाई करके निकालो. पवित्र नगरी खाटू में मेरा मंदिर बनाओ और वहीं मेरे शीश को स्थापित करो.
बाबा के शीश की पूजा
अगले दिन राजा ने वैसा ही किया जैसे श्याम बाबा ने सपने में कहा था. धीरे-धीरे खुदाई करने पर श्याम बाबा का शीश प्रकट हो गया. बाबा का शीश जब मिल गया तो राजा ने मंदिर बनवाकर शीश को स्थापित करवाया. आज भक्त शीश के दानी के शीश की पूजा करते हैं. जिस दिन मंदिर में शीश को स्थापित किया गया वह तिथि कार्तिक शुक्ल एकादशी थी. यही कारण है कि इस तिथि पर खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है.
(डिस्क्लेमर- यह लेख लोक कथा और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, इसका उद्देश्य जानकारी देना है, किसी अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं, कृपया पाठक अपनी आस्था और विवेक से निर्णय लें.)
और पढ़ें- रख रहे हैं देवउठनी एकादशी व्रत? तो इस दिन न करें ये 5 गलतियां, वरना आर्थिक स्थिति हो सकती है खराब!