Diwali Laxmi Puja 2026: दिवाली पूजा का सबसे श्रेष्ठ मुहूर्त कब? नोट करें लक्ष्मी पूजन की सही विधि, मंत्र और उपाय
रोशनी, सजावट, खुशियों और धन-समृद्धि का पर्व दिवाली आज मनाया जाएगा. भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा शाम को वृष लग्न के सबसे शुभ मुहूर्त में करना उचित होगा. जानिए लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त, विधि, मंत्र और उपाय.
दीपावली पर भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा की जाती है. मान्यता है कि इससे लक्ष्मी जी प्रसन्न होती हैं और पूरे साल धन-धान्य की कमी नहीं होती है. इसके लिए पूजा शुभ मुहूर्त में करनी चाहिए, साथ ही सही विधि, मंत्र और उपाय भी करने चाहिए. यहां देखिए आज दिवाली पर लक्ष्मी पूजा से जुड़ी हर एक डिटेल.
दिवाली 2026 पूजा का महामुहूर्त
मशहूर ज्योतिषाचार्य पंडित अजय भाम्बी के अनुसार दीपावली की पूजा वृष लग्न में करना सबसे शुभ होता है. यदि इस समय में पूजा न कर पाएं तो रात को निशीथ काल मुहूर्त में पूजा कर सकते हैं. इस साल लक्ष्मी पूजा के 3 मुहूर्त हैं.
वृष काल (स्थिर लग्न): शाम 5:54 बजे से रात 7:50 बजे तक (इसी दौरान पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है)
प्रदोष काल का आरंभ शाम 5:30 से होगा और शुभ चौघड़िया 7:11 तक रहेगी उसके बाद अमृत की चौघड़िया भी शुभ है. अतः यह समय शाम 5:30 बजे से रात 8:09 बजे तक रहेगा.
निशीथ काल मुहूर्त रात्रि 8:11 से 10:52 तक रहेगा.
इस समय के बीच में अमृत और चर की चौघड़िया का समावेश रहेगा.
महानिशीथ काल मुहूर्त: रात 11:44 बजे से रात 12:36 बजे तक है.
यह समय काली उपासना, तांत्रिक क्रियाएं, विशेष तंत्र अनुष्ठान, साधनाएं आदि के लिए प्रसिद्ध माना जाता है.
लक्ष्मी पूजा की सरल विधि
घर की उत्तर-पूर्व दिशा को साफ करें. फिर वहां चौकी पर लाल कपड़ा बिछाएं.
चौकी पर भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और कुबेर देव की फोटो या मूर्ति स्थापित करें.
साथ ही तांबे के कलश में साफ जल, सिक्का डालकर चावल की ढेरी पर स्थापित करें.
देवी-देवताओं को हल्दी, कुमकुम, अक्षत लगाएं. फूल अर्पित करें. खील-बताशे, मिठाइयों, फल आदि का भोग लगाएं.
घी का एक दीपक और बाकी दीपक तेल से जलाएं.
लक्ष्मी जी के मंत्रों का जाप करें. कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना बहुत शुभ फल देता है.
मां लक्ष्मी और गणेश जी की आरती गाएं.
आखिर में सभी को प्रसाद बांटें और स्वयं भी ग्रहण करें.
(यह भी पढ़ें: रोशनी का उत्सव खुशियों का आगाज, मां लक्ष्मी का मिले आशीर्वाद...इन मैसेज से अपनों को भेजें दिवाली की शुभकामना)
मां लक्ष्मी का बीज मंत्र
''ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्म्यै नमः॥''
दिवाली के प्रभावी उपाय
आर्थिक तंगी से निजात पाने के लिए दिवाली के दिन कुछ उपाय आजमा सकते हैं. इनसे धन बढ़ने, सफलता मिलने, कर्ज खत्म होने की मान्यता है.
1. पीली कौड़ियों का उपाय : दिवाली पूजा में मां लक्ष्मी के चरणों में 5 पीली कौड़ियां अर्पित करें. पूजा के बाद अगले दिन सुबह स्नान के बाद इन कौड़ियों को रेशमी लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन स्थान पर रखें. इससे धन बढ़ने की मान्यता है.
2. गोमती चक्र का उपाय : दिवाली पूजा में 3 या 5 गोमती चक्र रखें. मां लक्ष्मी से धन-समृद्धि की कामना करें. फिर अगले दिन लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखें. इससे धन आने के नए-नए रास्ते बनते हैं.
(यह भी पढ़ें: दिवाली पर तगड़े राजयोग, इन 5 राशि वालों की आर्थिक स्थिति में आ सकता है बड़ा यू-टर्न!)
3. केसर-हल्दी का उपाय: लक्ष्मी पूजा के दौरान एक कटोरी में गंगाजल या किसी भी पवित्र नदी का जल लें, उसमें थोड़ी सी पिसी हल्दी और केसर लें. यदि केसर न हो तो अक्षत ले लें. फिर इस पेस्ट से दुकान की पेटी, लॉकर, बही या घर की तिजोरी पर स्वास्तिक का चिह्न बनाएं. इससे कारोबार में तरक्की होती है. नौकरी में प्रमोशन मिलने का रास्ता साफ होने की मान्यता है.
(Disclaimer- दी गई जानकारी पंचांग और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है. मुहूर्त में स्थान के अनुसार थोड़ा अंतर हो सकता है. यहां बताए गए उपाय आस्था और परंपरा से जुड़े हैं. इन्हें अपनाने से पहले अपनी श्रद्धा और सुविधा के अनुसार निर्णय लें.)