)
इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पूर्व सेना प्रमुख और यशर पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजेनकोट को अगली सरकार बनाने का न्योता देने का फैसला किया है. यह जानकारी खुद राष्ट्रपति आवास की तरफ से जारी की गई है. आइजेनकोट को शाम 5 बजे बुलाया गया है. टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक,'हर्जोग ने यह फैसला लेने से पहले राजनीतिक दलों के नेताओं से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने आइजेनकोट और मौजूदा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी मुलाकात की.'
आइजेनकोट को रविवार को राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान सरकार बनाने का आधिकारिक न्योता दिया जाएगा. इसके बाद उनके पास नई सरकार बनाने के लिए 28 दिन होंगे. अगर वह इस समय में सरकार नहीं बना पाते हैं तो राष्ट्रपति उन्हें 14 दिन का अतिरिक्त समय भी दे सकते हैं.
टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक पिछले हफ्ते हुई बातचीत में आइजेनकोट को प्रधानमंत्री पद के लिए 67 सांसदों का समर्थन मिला, जबकि नेतन्याहू को 46 सांसदों ने समर्थन दिया. सात सांसदों वाली यूनाइटेड टोरा जूडिज्म पार्टी ने किसी भी नेता के समर्थन में अपनी सिफारिश नहीं दी. इससे साफ होता है कि खुद नेतन्याहू के गठबंधन के सभी साथी उनके साथ नहीं है. क्योंकि उनके गठबंधन चुनाव में 53 सीटें मिली हैं, जबकि इस दौरान उन्हें सिर्फ 46 सांसदों का समर्थन मिल पाया है.

अगर आइजेनकोट तय समय के अंदर सरकार बनाने में नाकाम रहते हैं, तो राष्ट्रपति को तीन दिनों के अंदर यह फैसला लेना होगा कि क्या यह कार्य किसी अन्य सांसद को सौंपा जाए या नेसेट अध्यक्ष को सूचित किया जाए कि उन्हें सरकार बनाने की कोई संभावना नहीं दिखती है. इसके बाद दूसरे उम्मीदवार को गठबंधन स्थापित करने के लिए 28 दिन का समय मिलेगा , जिसमें विस्तार की कोई संभावना नहीं होगी.
इजरायल में 27 अक्टूबर 2026 को हुए चुनाव के नतीजों में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन वह सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर सकी. 120 सदस्यीय नेसेट (इजरायली संसद) में लिकुड को 27 सीटें मिलीं, जबकि गादी आइजेनकोट की यशर पार्टी ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की. आइजेनकोट के साथ गठबंधन में शामिल अन्य दलों को मिलाकर विपक्षी खेमे को 48 सीटें मिलीं. वहीं, अरब पार्टियों ने कुल 19 सीटें हासिल कीं. नेतन्याहू के दक्षिणपंथी और धार्मिक दलों के गठबंधन को 53 सीटें मिलीं. इस तरह किसी भी गठबंधन को सरकार बनाने के लिए जरूरी 61 सीटों का आंकड़ा नहीं मिला और इजरायल में राजनीतिक अनिश्चितता पैदा हो गई.
| गठबंधन / खेमा | शामिल पार्टियां | सीटें |
|---|---|---|
| नेतन्याहू समर्थक खेमा | लिकुड (27), ओत्जमा येहुदित (7), यूनाइटेड तोराह जूडिज्म (7), शास (6), धार्मिक जायनिज्म (6) | 53 |
| गादी आइजेनकोट का विपक्षी खेमा | यशर (21), बेयाहाद (12), डेमोक्रेट्स (8), इजरायल बेतेनु (7) | 48 |
| अरब पार्टियों का खेमा | जॉइंट लिस्ट (11), राम (8) | 19 |
| कुल सीटें | 120 | |
बहुमत के लिए जरूरी सीटें: 61
नेतन्याहू समर्थक खेमा: 53 (8 कम)
आइजेनकोट का विपक्षी खेमा: 48 (13 कम)
अरब पार्टियां: 19