Chhath Puja: क्यों इतने कठोर हैं छठ महापर्व के ये 3 नियम? समझें आस्था और सेहत से जुड़ा विज्ञान
छठ पूजा में सिर्फ 36 घंटे के लंबे निर्जला व्रत का पालन नहीं करना होता है, बल्कि और भी कई सख्त नियम होते हैं. हालांकि छठ व्रत के इन कठिन नियमों के पीछे गहरा धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व है. जानिए वो क्या है.
प्रकृति की पूजा और लोकआस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर 2026, शुक्रवार यानी कि आज से शुरू हो गया है. सूर्य और छठी मइया की पूजा के पर्व छठ का पहला दिन नहाय-खाय का होता है. 4 दिन के इस पर्व में व्रती को कई कठिन नियमों का पालन करना होता है. आमतौर पर 36 घंटे के लंबे निर्जला व्रत के बारे में तो सभी जानते हैं लेकिन इसके अलावा भी कई कठिन नियम होते हैं, जिसके चलते छठ व्रत को इतना मुश्किल माना गया है. क्या आप जानते हैं कि इन कठिन नियमों और परंपराओं के पीछे धार्मिक आस्था के साथ-साथ ठोस वैज्ञानिक कारण भी छिपे हैं?
सख्त अनुशासन का पालन
छठ व्रत रखना न केवल व्रती को बल्कि पूरे परिवार को कड़ा अनुशासन सिखाता है. इसमें शुद्धता-पवित्रता, सुबह जल्दी जागने जैसे कई नियम होते हैं जिनका पालन व्रती को करना होता है. ठंड की शुरुआत के समय पड़ने वाला यह व्रत व्यक्ति को शरीर और मन से मजबूत बनाता है. आइए जानते हैं छठ व्रत के 3 सबसे कठिन नियम और उसके पीछे की वजहें.
1. 36 घंटे का निर्जला उपवास
छठ पर्व के दूसरे दिन शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद शुरू होता है 36 घंटे का लंबा निर्जला उपवास. यानी कि इन 36 घंटों में व्रती खाना तो दूर पानी भी नहीं पी सकते. दूसरे दिन की शाम से लेकर पूरा तीसरा दिन और चौथे दिन के सूर्य को दिए गए उषा अर्घ्य के बाद ही व्रती जल पीकर प्रसाद खाकर व्रत का पारण करते हैं.
धार्मिक कारण: इतना लंबा कठोर व्रत व्रती के छठी मइया के प्रति समर्पण और तपस्या का प्रतीक है. ऐसा भी नहीं है व्रत के दौरान व्रती आराम करता रहता है, बल्कि उसे कई बार स्नान, पूजा करनी होती है, प्रसाद बनाना होता है. जिसके साथ-साथ छठी मइया के गीत भी गाए जाते हैं.
वैज्ञानिक महत्व: विज्ञान की दुनिया में इतने लंबे फास्ट को ऑटोफैगी कहते हैं. यानी कि इस दौरान शरीर की पुरानी और क्षतिग्रस्त कोशिकाएं साफ होती हैं. साथ ही पाचन तंत्र को आराम मिलता है.
2. 4 दिन जमीन पर सोना
छठ के 4 दिन के दौरान व्रती को रोजाना जमीन पर चटाई या चादर बिछाकर बेहद सादगी से सोना होता है.
धार्मिक कारण : यह व्यक्ति का अहंकार तोड़ता है और उसे बताता है कि वह असल में जमीन से ही जुड़ा रहे.
वैज्ञानिक महत्व: विज्ञान के अनुसार समतल और सख्त जगह पर सोने से रीढ़ की हड्डी सीधी रहती है. साथ ही इससे पूरे शरीर का ब्लड सर्कुलेशन सही रहता है.
3. शुद्धता, पवित्रता और सात्विकता
छठ प्रसाद जिस स्थान पर बनता है, उस जगह, बर्तनों आदि की शुद्धता का विशेष ध्यान रखना होता है. उस स्थान पर जाने के लिए भी व्यक्ति का शरीर और कपड़े साफ व पवित्र होने चाहिए. इसलिए व्रती को इस दौरान कई बार स्नान करना पड़ता है, कपड़े बदलने पड़ते हैं. इसलिए प्रसाद बनाने के लिए चूल्हा तक नया लिया जाता है. इतना ही नहीं सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बहुत देर तक नदी में पानी में खड़े रहना होता है.
धार्मिक कारण : यह सिखाता है कि भगवान के प्रसाद के लिए शुद्धता और पवित्रता बेहद जरूरी है.
वैज्ञानिक महत्व : विज्ञान में अच्छी सेहत के लिए हाईजीन को विशेष महत्व दिया गया है. साफ-सफाई के कड़े नियम व्यक्ति को खतरनाक वैक्टीरिया और कई तरह की बीमारियों से बचाते हैं. साथ ही सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्य की रोशनी में रहना शरीर को प्राकृतिक विटामिन-D से भरपूर बनाता है.
(यह भी पढ़ें: सिर्फ ठेकुआ और गुड़ की खीर नहीं, छठ के 4 दिनों में पकते हैं प्रसाद के इतने सारे व्यंजन)
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जानकारियों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी कठिन उपवास या नियम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.)