App

खाटू श्याम जन्मोत्सव आज: नहीं जा पाए धाम तो घर पर पढ़ें यह आरती, बरसेगी बाबा की कृपा

Baba Khatu Shyam Ji Ki Aarti: खाटू श्‍याम बाबा का जन्‍मदिन आज 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को है. यदि आप धाम नहीं जा पाए हैं, तो भी घर पर पूजा-आरती करके लाभ पा सकते हैं.

खाटू श्याम जन्मोत्सव आज: नहीं जा पाए धाम तो घर पर पढ़ें यह आरती, बरसेगी बाबा की कृपा
Image Credit: बाबा खाटू श्‍याम जी की पूजा विधि, मंत्र, जयकारे, आरती और चालीसा. (Photo:AI)

बाबा खाटू श्‍याम का जन्‍मदिन कार्तिक शुक्‍ल एकादशी यानी कि देवउठनी एकादशी को मनाया जाता है, जो कि इस साल 20 नवंबर, शुक्रवार यानी कि आज है. इस मौके पर राजस्‍थान के सीकर में स्थित बाबा खाटू श्‍याम के धाम में तो भक्‍तों की भारी भीड़ उमड़ती ही है. देश के अन्‍य मंदिरों खासकर उत्‍तर भारत में खाटू श्‍याम बाका का जन्‍मदिन बहुत धूमधाम से मनाते हैं. चूंकि बाबा के हर भक्‍त के लिए उनके जन्‍मोत्‍सव पर धाम पहुंचना संभव नहीं है, ऐसे में निराश न हों.

आप घर पर ही बाबा खाटू श्‍याम की पूजा और आरती करके उनका चालीसा पढ़कर, मंत्र जाप करके पुण्‍य लाभ व कृपा पा सकते हैं. सच्‍चे मन से आज बाबा खाटू श्‍याम की आराधना करने से सारे संकट दूर होने और मनोकामनाएं पूरी होने की मान्‍यता है.

खाटू श्‍याम बाबा की पूजा विधि

सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें, हो सके तो पीले या लाल रंग के कपड़े पहनें. घर के मंदिर में एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं. चौकी पर बाबा खाटू श्याम की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित करें और उनका फूलों, गहनों आदि से सुंदर श्रृंगार करें. देसी घी का दीपक जलाएं. बाबा को चंदन, रोली और अक्षत का तिलक लगाएं. गुलाब के फूल, इत्र और मोरपंख आदि अर्पित करें. फिर बाबा के प्रिय भोग खीर, चूरमा, मावे के पेड़े, मिश्री आदि तुलसीदल के साथ अर्पित करें. फिर खाटू श्याम बाबा के मंत्र पढ़ें, चालीसा गाएं और आरती करें. बाबा खाटू श्‍याम के जयकारे लगाएं - हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा. तीन बाण धारी की... जय!
(यह भी पढ़ें: Khatu Shyam Birthday: 3 अमोघ बाणों का वह रहस्य, जिसके कारण श्रीकृष्ण ने मांगा शीशदान) 

बाबा खाटू श्‍याम के मंत्र

मूल मंत्र: ॐ श्री श्याम देवाय नमः
शरण मंत्र: ॐ श्याम शरणम् ममः
खाटूनाथ मंत्र: ॐ खाटूनाथाय नमः

श्री खाटू श्याम जी की आरती

ॐ जय श्री श्याम हरे, बाबा जय श्री श्याम हरे।
खाटू धाम विराजत, अनुपम रूप धरे॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

रतन जड़ित सिंहासन, सिर पर चंवर ढुरे।
तन केसरिया बागो, कुंडल श्रवण पड़े॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

गल पुष्पों की माला, सिर पर मुकुट धरे।
खेवत धूप अग्नि पर, दीपक ज्योति जले॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

मोदक खीर चूरमा, सुवरण थाल भरे।
सेवक भोग लगावत, सेवा नित्य करे॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

झांझ कटोरा और घडियावल, शंख मृदंग घुरे।
भक्त आरती गावे, जय-जयकार करे॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

जो ध्यावे फल पावे, सब दुःख से उबरे।
सेवक जब निज मुख से, श्री श्याम श्याम उचरे॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

श्री श्याम बिहारी जी की आरती, जो कोई नर गावे।
कहत भक्त-जन सो, मनवांछित फल पावे॥ ॐ जय श्री श्याम हरे...

बाबा खाटू श्‍याम का चालीसा

दोहा

श्री गुरु चरणन ध्यान धर, सुमीर सच्चिदानंद।
श्याम चालीसा बणत है, रच चौपाई छंद।

श्याम-श्याम भजि बारंबारा। सहज ही हो भवसागर पारा।
इन सम देव न दूजा कोई। दिन दयालु न दाता होई।।

भीम सुपुत्र अहिलावाती जाया। कही भीम का पौत्र कहलाया।
यह सब कथा कही कल्पांतर। तनिक न मानो इसमें अंतर।।

बर्बरीक विष्णु अवतारा। भक्तन हेतु मनुज तन धारा।
बासुदेव देवकी प्यारे। जसुमति मैया नंद दुलारे।।

मधुसूदन गोपाल मुरारी। वृजकिशोर गोवर्धन धारी।
सियाराम श्री हरि गोबिंदा। दिनपाल श्री बाल मुकुंदा।।

दामोदर रण छोड़ बिहारी। नाथ द्वारिकाधीश खरारी।
राधाबल्लभ रुक्मणि कंता। गोपी बल्लभ कंस हनंता।।

मनमोहन चित चोर कहाए। माखन चोरि-चारि कर खाए।
मुरलीधर यदुपति घनश्यामा। कृष्ण पतित पावन अभिरामा।।

मायापति लक्ष्मीपति ईशा। पुरुषोत्तम केशव जगदीशा।
विश्वपति जय भुवन पसारा। दीनबंधु भक्तन रखवारा।।

प्रभु का भेद न कोई पाया। शेष महेश थके मुनिराया।
नारद शारद ऋषि योगिंदरर। श्याम-श्याम सब रटत निरंतर।।

कवि कोदी करी कनन गिनंता। नाम अपार अथाह अनंता।
हर सृष्टी हर सुग में भाई। ये अवतार भक्त सुखदाई।।

ह्रदय माहि करि देखु विचारा। श्याम भजे तो हो निस्तारा।
कौर पढ़ावत गणिका तारी। भीलनी की भक्ति बलिहारी।।

सती अहिल्या गौतम नारी। भई श्रापवश शिला दुलारी।
श्याम चरण रज चित लाई। पहुंची पति लोक में जाही।।

अजामिल अरु सदन कसाई। नाम प्रताप परम गति पाई।
जाके श्याम नाम अधारा। सुख लहहि दुःख दूर हो सारा।।

श्याम सलोवन है अति सुंदर। मोर मुकुट सिर तन पीतांबर।
गले बैजंती माल सुहाई। छवि अनूप भक्तन मान भाई।।

श्याम-श्याम सुमिरहु दिन-राती। श्याम दुपहरि कर परभाती।
श्याम सारथी जिस रथ के। रोड़े दूर होए उस पथ के।।

श्याम भक्त न कही पर हारा। भीर परि तब श्याम पुकारा।
रसना श्याम नाम रस पी ले। जी ले श्याम नाम के ही ले।।

संसारी सुख भोग मिलेगा। अंत श्याम सुख योग मिलेगा।
श्याम प्रभु हैं तन के काले। मन के गोरे भोले-भाले।।

श्याम संत भक्तन हितकारी। रोग-दोष अध नाशे भारी।
प्रेम सहित जब नाम पुकारा। भक्त लगत श्याम को प्यारा।।

खाटू में हैं मथुरावासी। पारब्रह्म पूर्ण अविनाशी।
सुधा तान भरि मुरली बजाई। चहु दिशि जहां सुनी पाई।।

वृद्ध-बाल जेते नारि नर। मुग्ध भये सुनि बंशी स्वर।
हड़बड़ कर सब पहुंचे जाई। खाटू में जहां श्याम कन्हाई।।

जिसने श्याम स्वरूप निहारा। भव भय से पाया छुटकारा।

दोहा

श्याम सलोने संवारे, बर्बरीक तनुधार।
इच्छा पूर्ण भक्त की, करो न लाओ बार।।

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो