)
बाबा खाटू श्याम के भक्त उनके जन्मोत्सव का बेसब्री से इंतजार करते हैं. हर साल देवउठनी एकादशी के दिन बाबा खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू श्याम धाम के अलावा जगह-जगह पर मनाया जाता है. इस साल 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी है और इसी दिन बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा. इस मौके पर जानिए कि बाबा खाटू श्याम को 3 बाण धारी क्यों कहा जाता है और उनके 3 दिव्य बाणों में ऐसी क्या खासियतें थीं कि भगवान कृष्ण को उनसे शीश दान में मांगना पड़ा.
खाटू श्याम महाभारत काल में भीम के पुत्र के पोते बर्बरीक को कहा जाता है. जो कि घटोत्कच और अहिलावती के पुत्र थे. बर्बरीक ने भगवान शिव और माता पार्वती को प्रसन्न करने के लिए कठोर तप किया था, जिसके बाद महादेव ने उन्हें तीन अमोघ बाण प्रदान किए थे. ये बाण बेहद खास और दिव्य थे, जिसके कारण ही खाटू श्याम को 3 बाण धारी कहा जाता है.
ये 3 दिव्य बाण बेहद खास थे और इनमें ऐसी शक्ति थी कि बर्बरीक को कोई भी युद्ध में परास्त कर ही नहीं सकता था. जानिए इन 3 बाणों में ऐसी क्या खासियत थी.
पहला बाण: यह बाण युद्धभूमि में उन सभी लक्ष्यों और शत्रुओं पर एक अदृश्य चिह्न (निशान) लगा देता था, जिन्हें बर्बरीक नष्ट करना चाहते थे.
दूसरा बाण: यह बाण उन लोगों या वस्तुओं पर निशान लगाता था, जिन्हें बर्बरीक युद्ध के दौरान सुरक्षित बचाना चाहते थे.
तीसरा बाण: यह सबसे घातक बाण था, यह पहले बाण द्वारा चिह्नित किए गए सभी लक्ष्यों को पलक झपकते एक ही बाण से नष्ट कर देता था और अपना काम पूरा कर वापस तरकश में लौट आता था.
ये तीन बाण ही बड़ी से बड़ी सेना को खत्म करने के लिए काफी थे. जब महाभारत का युद्ध शुरू हुआ तो बर्बरीक भी कुरुक्षेत्र के मैदान में आए. उन्होंने अपनी मां को वचन दिया था कि वे हारने वाले का साथ देंगे. ऐसे में जब कौरव कमजोर पड़ते तो बर्बरीक उनकी ओर से लड़ने लगते और जब पांडव कमजोर पड़ते तो वे पांडवों की ओर हो जाते, इस तरह तो वे दोनों पक्षों की सेना खत्म कर देते.
तब भगवान कृष्ण ने धर्म की रक्षा के लिए बर्बरीक को महाभारत के मैदान से बाहर रखने के लिए उनका सिर दान में मांग लिया. बर्बरीक ने बिना संकोच अपना शीश भगवान कृष्ण को अर्पित कर दिया. जिससे श्रीकृष्ण बेहद प्रसन्न हुए और उन्हें कलयुग में अपने नाम से पूजे जाने का वरदान दिया.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और धार्मिक ग्रंथों/कथाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)