App

आंवला नवमी पर अक्षय पुण्य फल पाने का मौका, धन से तिल तक... करें इन चीजों का दान!

आंवला नवमी पर्व पर भगवान विष्णु और आंवला के पेड़ की उपासना की जाती है. इस दिन स्नान आदि कर दान कर आंवले के पेड़ की पूजा करने से धन संबंधी दिक्कतें दूर होती हैं, इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी अंत हो जाता है.

आंवला नवमी पर अक्षय पुण्य फल पाने का मौका, धन से तिल तक... करें इन चीजों का दान!

हर साल कार्तिक शुक्ल नवमी तिथि पर आंवला नवमी पर्व मनाने का विधान है और इस साल यह पर्व 18 नवंबर यानी आज मनाया जा रहा है. इस पर्व को अक्षय नवमी भी कहा जाता है. आंवला नवमी के दिन विधि-विधान से आंवले के पेड़ की पूजा की जाती है. इस दिन स्नान आदि कर दान करने का भी बड़ा महत्व बताया गया है. अक्षय नवमी पर्व पर कुछ विशेष सामग्री का दान करने से और दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक पुण्य फलों की प्राप्ति होती है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन किन चीजों का दान करें, आइए जानें.

आंवला नवमी पर क्या दान करें

आंवला का दान

आंवला नवमी पर आंवला का दान करना अति शुभ माना जाता है. इस दिन ब्राह्मण या किसी भी जरूरतमंद को ताजा आंवला दान करने से अच्छी सेहत का आशीर्वाद प्राप्त होता है.

अन्न का दान

आंवला नवमी पर गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को अन्न का दान करें, दान ऐसे दें कि किसी को इसके बारे में पता न चले. इससे दान का पुण्य फल प्राप्त होगा.

वस्त्र का दान

आंवला या अक्षय नवमी के शुभ मौके पर किसी गरीब या जरूरतमंद को वस्त्र का दान करें, कंबल या कोई मोटा वस्त्र दान करें जो ठंड में पहना जा सके. इस तरह के दान से शुभ फलों की प्राप्ति होती है.

धन का दान

आंवला नवमी के दिन किसी जरूरतमंद को गुप्त रूप से धन का दान करें. इस दान से मां लक्ष्मी प्रसन्न होंगी और धन प्राप्ति का आशीर्वाद देंगी. घर में धन वृद्धि होगी.

तिल-गुड़ का दान

कार्तिक मास में तिल-गुड़ का दान करना अति शुभ और पुण्य फलदायी माना जाता है. विशेष रूप से आंवला नवमी पर तिल-गुड़ का दान करें तो भगवान विष्णु अति प्रसन्न होकर जीवन से दरिद्रता का नाश करते हैं.

दान देते समय किन बातों का रखें ध्यान

सुबह स्नान करके ही दान दें, नहीं तो दान का पूरा फल प्राप्त नहीं होगा.
दान हमेशा अपने ही हाथ से करें, न कि नौकर से दान दिलवाएं.
दान देकर भूल जाएं, न कि उसके बारे में सौ लोगों को बताएं या फोटो खिंचवाएं.
गंदी या बची हुई, टूटी या बेकार सामान का दान न करें.
दान जरूरतमंदों में ही करें, नहीं तो दान करने का कोई पुण्य फल प्राप्त नहीं होगा.
दान देते समय मन में क्लेश न रखें, लालच की भावना न रखें.

(डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य या ज्योतिषीय सलाह न मानें, कोई भी दान करने से पहले विद्वान से पूरी सलाह अवश्य लें.) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More