)
प्रकाश पाण्डेय/मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ के सरायलखनसी थान क्षेत्र के पुरानी तहसील इलाके में स्थित एक टेंट के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. आग की लपटें गोदाम के छत की तीसरी मंजिल से उठीं और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया.आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में मौजूद चार कर्मचारियों की जान पर बन आई. कर्मचारियों ने छत से कपड़ा बांधकर नीचे छलांग लगाई और किसी तरह अपनी जान बचाई. इस अग्निकांड में गोदाम में रखा टेंट और सजावट का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया.
कहां की है घटना?
घटना पुरानी तहसील इलाके की है. जानकारी के मुताबिक, गोदाम की तीसरी मंजिल की छत से अचानक आग की लपटें उठने लगीं. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. गोदाम में मौजूद कई कर्मचारी आग की चपेट में आने के डर से घबरा गए थे. उनको बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल लगने पर छत से कपड़ा बांधा और उसके सहारे नीचे कूदकर अपनी जान बचाई.
गोदाम से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी. जानकारी मिलते ही सरायलखनसी पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
गनीमत रही कि आग आसपास के रिहायशी मकानों तक नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है. वहीं, गोदाम मालिक के अनुसार इस घटना में टेंट और सजावट का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.