)
राजस्थान के टोंक जिले में सरपंच चुनाव से पहले ही मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश का मामला सामने आया है. देवली उपखंड की थांवला ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह मिठाई के डिब्बों की आड़ में कथित तौर पर पैसे बांटने की सूचना से हंगामा मच गया. ग्रामीणों ने एक वैन को रोक लिया और विरोध जताया. सूचना मिलने पर नासिरदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को जब्त कर लिया. मामले के सामने आने के बाद गांव में चुनावी माहौल के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं.
मिठाई के डिब्बे में 500-500 रुपये के नोट होने का दावा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह थांवला गांव में एक वैन के जरिए ग्रामीणों को मिठाई के डिब्बे बांटे जा रहे थे. इसी दौरान इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. वीडियो में मिठाई के डिब्बे के अंदर 500 रुपये के नोट होने का दावा किया जा रहा है. एक ग्रामीण डिब्बा दिखाते हुए उसमें 500-500 रुपये के दो नोट होने की बात कहता सुनाई दे रहा है.
वीडियो में ग्रामीण को कथित तौर पर यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि वोट सरपंच प्रत्याशी अंकित सोनी को देना. बताया जा रहा है कि मिठाई के डिब्बों पर प्रत्याशी अंकित सोनी का नाम और फोटो भी छपे हुए थे. वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और ग्रामीणों के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई.
पुलिस ने वैन जब्त कर मिठाई के डिब्बों की तलाशी ली
मामले की जानकारी मिलने पर नासिरदा थाना पुलिस गांव पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा रोकी गई वैन को अपने कब्जे में लेकर उसमें रखे मिठाई के डिब्बों की जांच की. हालांकि, तलाशी के दौरान डिब्बों में कोई नकदी बरामद नहीं होने की बात सामने आई है. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों के चलते यह मामला चर्चा में बना हुआ है.
एसडीएम ने दिए पूरे मामले की जांच के निर्देश
घटना की सूचना देवली एसडीएम प्रशासन को भी दी गई है. प्रशासन की ओर से मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया गया है. खास बात यह है कि थांवला ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के लिए अभी नामांकन प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है. ऐसे में चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मिठाई के डिब्बों को लेकर सामने आए इस विवाद ने इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. अब जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी.
Reporter- BHUPENDAR SINGH SOLANKI