App

सचिन पायलट के गढ़ में कांग्रेस की आंधी! जिला परिषद की 31 में से 25 सीटों पर कब्जा, आठों पंचायत समितियों में भाजपा बहुमत से दूर

टोंक पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद की 31 में से 25 सीटें जीतकर भाजपा को बड़ा झटका दिया है. भाजपा को सिर्फ 5 सीटें मिलीं. जिले की 8 पंचायत समितियों में से 7 में कांग्रेस को बहुमत मिला है. अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं.

सचिन पायलट के गढ़ में कांग्रेस की आंधी! जिला परिषद की 31 में से 25 सीटों पर कब्जा, आठों पंचायत समितियों में भाजपा बहुमत से दूर
Image Credit: Tonk Panchayat Election Results 2026 (AI IMAGE)

Rajasthan Panchayat Chunav Result: राजस्थान के पंचायत चुनाव में टोंक जिले से कांग्रेस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले टोंक में कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक अपना दबदबा दिखाया है. जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 25 पर जीत दर्ज की है. वहीं, भाजपा महज 5 सीटों पर सिमट गई, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के खाते में गई है.

जिला परिषद में कांग्रेस का एकतरफा बहुमत
टोंक जिला परिषद के नतीजों ने जिले की सियासत में हलचल बढ़ा दी है. कांग्रेस ने 31 में से 25 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है. इसके साथ ही जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है. पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अल्का बैरवा को जिला प्रमुख पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. हालांकि, जिला प्रमुख का फैसला औपचारिक चुनाव के बाद ही होगा.

आठों पंचायत समितियों में भाजपा बहुमत से दूर
टोंक की आठों पंचायत समितियों में भी भाजपा को बड़ा झटका लगा है. सात पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है. वहीं, एक पंचायत समिति में निर्दलीय और RLP के सदस्यों की भूमिका अहम रहने वाली है. निवाई पंचायत समिति की 29 सीटों में से कांग्रेस ने 19 पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 8 सीटें मिलीं. देवली में कांग्रेस ने 15 सीटें जीतीं. यहां भाजपा को 6, जबकि RLP और बसपा को एक-एक सीट मिली. टोंक पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 4 और RLP ने 3 सीटें जीतीं. वहीं, टोडारायसिंह में कांग्रेस को 11, भाजपा को 5 और RLP को 3 सीटें मिली हैं.

मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के क्षेत्र में भी भाजपा को झटका
कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली. टोडारायसिंह में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है. वहीं, मालपुरा में निर्दलीय और RLP के सदस्य प्रधान बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

अब जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर नजर
टोंक में कांग्रेस की इस जीत के बाद जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान पदों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. जिला परिषद में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, जबकि सात पंचायत समितियों में भी पार्टी मजबूत स्थिति में है. इन नतीजों से जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं भाजपा को जिले में बड़ा चुनावी झटका लगा है. अब देखना होगा कि जिला प्रमुख और प्रधान पदों के औपचारिक चुनाव में किन चेहरों को जिम्मेदारी मिलती है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More