App

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी, अनमोल बिश्नोई बनकर मांगे 60 लाख, ड्राइवर का बेटा गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 60 लाख की रंगदारी मांगने वाले आरोपी आशु मौर्य को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी के पिता शिकायतकर्ता के घर पिछले 27 वर्षों से ड्राइवरी का काम कर रहे हैं.

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी, अनमोल बिश्नोई बनकर मांगे 60 लाख, ड्राइवर का बेटा गिरफ्तार
Image Credit: बिश्नोई गैंग के नाम पर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोपी आशु मौर्य गिरफ्तार (Photo-वीडियो ग्रैब)

देश की राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम पर एक नामी प्रॉपर्टी डीलर से 60 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश का खुलासा हुआ है. जनकपुरी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को हरियाणा के मानेसर से गिरफ्तार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता के घर पिछले 27 वर्षों से ड्राइवरी कर रहे व्यक्ति का बेटा है.

रैपिडो राइडर के जरिए पहुंचाया था 'कोड' लिफाफा

पश्चिमी जिला के एडिशनल डीसीपी सौरभ चंद्रा के अनुसार, जनकपुरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर जतिन गाबा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के व्हाट्सएप पर अनमोल बिश्नोई बनकर धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं. साथ ही 60 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है. खौफ का माहौल बनाने के लिए आरोपी ने एक रैपिडो राइडर के माध्यम से पीड़िता के घर एक लिफाफा भिजवाया. लिफाफे के अंदर 10 रुपये के नोट का आधा लैमिनेटेड हिस्सा रखा हुआ था, जो एक तरह का टोकन या कोड था.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज

एडिशनल डीसीपी सौरभ चंद्रा के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जनकपुरी पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने पीड़ित के घर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज से रैपिडो राइडर की पहचान हुई. पूछताछ में राइडर ने बताया कि उसे मानेसर से इस पार्सल की डिलीवरी बुकिंग मिली थी.

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 27 वर्षीय आशु मौर्य को ट्रैक किया और मानेसर से उसे धर दबोचा. 

पैसों की तंगी और पारिवारिक जान-पहचान का उठाया फायदा

पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी आशु मौर्य ने कबूला कि वह भारी वित्तीय संकट से गुजर रहा था. चूंकि उसके पिता पिछले 27 सालों से पीड़ित परिवार के यहां चालक की नौकरी कर रहे थे, इसलिए उसे परिवार की पूरी आर्थिक स्थिति और मोबाइल नंबरों की जानकारी थी. जल्द अमीर बनने और खौफ पैदा करने के लिए उसने बिश्नोई गैंग के नाम का सहारा लिया. उसने 10 रुपये के नोट को लैमिनेट कर दो हिस्सों में काटा, एक हिस्सा घर भेजा और दूसरा हिस्सा अपने पास रखा, ताकि रकम वसूलते वक्त उसकी पुष्टि की जा सके.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद किया ये सामान

  • 4 स्मार्टफोन और 1 वनप्लस टैबलेट
  • वारदात में इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड 
  • लैमिनेटेड 10 रुपये के नोट का दूसरा आधा हिस्सा

वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (जिससे वह राइडर तक लिफाफा पहुंचाने गया था)
फिलहाल, जनकपुरी पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.

रिपोर्ट : राजेश शर्मा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More