SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भारत-पाक सीमा के पास ड्रोन से गिराए हथियार: 650 कारतूस, 2 जिगाना पिस्टल और 4 मैगजीन बरामद, पंजाब के 2 युवक गिरफ्तार

श्रीगंगानगर जिले के रावला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रोन से हथियार और संदिग्ध विस्फोटक सामग्री गिराए जाने का मामला सामने आया है. खानुवाली पोस्ट से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में मिले तीन पैकेटों से दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 650 कारतूस बरामद किए गए हैं. मामले में पंजाब के दो 19 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किया गया है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Oct 13, 2026, 07:00 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 07:06 PM IST
Image Credit: बॉर्डर पर बड़ी साजिश?
Join

Rawla Mandi, Sri Ganganagar News: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रावला क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक सामग्री गिराए जाने का मामला सामने आया है. खानुवाली पोस्ट से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई की.

मामले में पंजाब निवासी दो 19 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किए गए हैं. मौके से दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और करीब 650 कारतूस बरामद किए गए हैं. वहीं, तीसरे पैकेट में विस्फोटक सामग्री होने की आशंका के चलते जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. सुरक्षा एजेंसियां हथियारों की खेप के स्रोत, आरोपियों के संपर्कों और इसके पीछे संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं.

रात में ड्रोन से सामग्री गिराए जाने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संदिग्ध सामग्री रात करीब 12 से दो बजे के बीच ड्रोन के माध्यम से गिराए जाने की आशंका है. एएनटीएफ को इसकी सूचना अलसुबह करीब तीन बजे मिली, जिसके बाद संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं. घटनास्थल पर तीन पैकेट मिलने की जानकारी सामने आई है. इनमें से दो पैकेट में हथियार और कारतूस बताए जा रहे हैं, जबकि तीसरे पैकेट में विस्फोटक होने की आशंका जताई गई है. बरामद दोनों पिस्टल पर 'मेड इन टर्की' लिखा होने की जानकारी भी सामने आई है.

यह भी पढ़ेंः  जयपुर में पूर्व सांसद के बेटे की संदिग्ध मौत: पिता ने बहू-पोते समेत 5 के खिलाफ दर्ज करवाई FIR, लगाया हत्या का आरोप

मजदूरी के बहाने आए थे युवक 
गिरफ्तार युवकों की पहचान लखविंदर सिंह (19) पुत्र जीत सिंह निवासी फिरोजपुर और सुखविंद्र सिंह (19) पुत्र सतपाल सिंह निवासी जालंधर, पंजाब के रूप में बताई गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मजदूरी करने के बहाने क्षेत्र में आए थे और पिछले तीन दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों का हथियारों की खेप से क्या संबंध है और वे किन लोगों के संपर्क में थे? हालांकि, उनकी भूमिका और रेकी से जुड़ी जानकारी की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी.

रिमोट जैसी डिवाइस मिलने से बढ़ी जांच
मौके से चार जोड़ी बैटरियां और दो रिमोट जैसी डिवाइस मिलने की जानकारी भी सामने आई है. इनमें से किसी डिवाइस का इस्तेमाल विस्फोटक को सक्रिय करने में किए जाने की आशंका जताई जा रही है. विस्फोटक की प्रकृति और डिवाइस की वास्तविक कार्यप्रणाली का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है. बीकानेर से बम निरोधक दस्ते के एसआई अशोक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जयपुर से भी विशेषज्ञों के पहुंचने की जानकारी दी गई. सामग्री की तकनीकी जांच के बाद ही विस्फोटक के प्रकार और उसकी क्षमता के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढ़ेंः जयपुर में बुजुर्ग दंपती से 2 करोड़ की ठगी: 20 दिन तक वीडियो कॉल पर बनाया बंधक, पश्चिम बंगाल से तीसरा आरोपी गिरफ्तार

एएनटीएफ आईजी बोले-बड़ी साजिश को नाकाम किया
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि ड्रोन की सहायता से राजस्थान में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक गिराए जाने का मामला सामने आया है. इसके पीछे कौन लोग हैं और उनका उद्देश्य क्या था, इस बारे में जांच पूरी होने से पहले कुछ कहना जल्दबाजी होगी. उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां मामले की तह तक जाने में जुटी हैं और जांच आगे बढ़ने के साथ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे. उन्होंने आमजन से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कहते हुए इसे बड़ी साजिश को नाकाम करने से जुड़ी कार्रवाई बताया.

कई एजेंसियां जांच में जुटी
कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ के सीआई महेंद्र दत्त शर्मा, रावला थाना प्रभारी बलवंत कुमार, बीएसएफ के महेश, सीआईडी की एएसपी दीक्षा कामरा और एटीएस के सीआई हनुमाना राम बिश्नोई सहित विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे. सुरक्षा के मद्देनजर सीमा क्षेत्र में नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया. अब जांच का मुख्य केंद्र हथियारों और संदिग्ध सामग्री के स्रोत, ड्रोन के जरिए खेप भेजने वालों और गिरफ्तार युवकों के संभावित संपर्कों का पता लगाना है. मामले में आगे की जानकारी आधिकारिक जांच और सुरक्षा एजेंसियों के खुलासे के बाद ही स्पष्ट होगी. 
 

Report- Pradeep Kumar 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES