)
Sikar News: राजस्थान के सीकर के श्री कल्याण राजकीय मेडिकल कॉलेज में 26 सितंबर 2026 को एमबीबीएस 2026 बैच के लिए एंटी-रैगिंग ओरिएंटेशन मीटिंग आयोजित की गई. कॉलेज काउंसिल हॉल में आयोजित इस बैठक में एंटी-रैगिंग पोस्टर का भी उद्घाटन किया गया. बैठक की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार ने की.
कॉलेज के अधिकारी और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रियंका अमन, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. राम रतन यादव, डॉ. योगेश झरवाल, डिप्टी एसपी राकेश धाकड़, डॉ. संजू सैनी, डॉ. गिरधारी सिंह, एंटी-रैगिंग नोडल अधिकारी डॉ. इंदिरा वर्मा, डॉ. अलका कुमारी, डॉ. ममता मीणा, डॉ. पवन कुलहरी, डॉ. विकास चौधरी, डॉ. दर्शन शेखावत, डॉ. जी.एल. शर्मा और श्री आर.एल. गोदारा सहित कॉलेज के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
विद्यार्थियों और अभिभावकों को दी गई रैगिंग की जानकारी
बैठक में जूनियर और सीनियर बैच के विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे. नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग से जुड़े नियमों, संभावित पेनल्टी और सजा के प्रावधानों की जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को बताया गया कि रैगिंग केवल अपशब्द कहना, चिढ़ाना या शारीरिक नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है. फ्रेशर से जबरन पैसे लेना, आर्थिक जबरन वसूली करना, उसकी इच्छा के बिना कोई काम करवाना या ऐसा कोई व्यवहार, जिससे विद्यार्थी को मानसिक या शारीरिक नुकसान पहुंचे, सभी रैगिंग के दायरे में आता है.
रैगिंग पर कॉलेज की जीरो टॉलरेंस नीति
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SKGMC में रैगिंग को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. बैठक में एंटी-रैगिंग स्क्वाड, काउंसलिंग कमेटी, इंक्वायरी कमेटी और मेंटरिंग कमेटी सहित विभिन्न समितियों की भूमिका के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई.
हॉस्टल और PG में सुरक्षा को लेकर चर्चा
इसके साथ ही पुलिस प्रशासन के सहयोग से निजी पीजी और हॉस्टल में रहने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों की सुरक्षा और नियमित पेट्रोलिंग को लेकर भी चर्चा हुई. एंटी-रैगिंग नोडल अधिकारी डॉ. शीबा सेठी गौतम ने बताया कि 2026 MBBS बैच के एडमिशन शुरू होने के साथ ही नए विद्यार्थियों को रैगिंग से सुरक्षा और इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह पहली ओरिएंटेशन मीटिंग आयोजित की गई है.
असहज स्थिति होने पर तुरंत सूचना देने की अपील
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी तरह की रैगिंग या असहज स्थिति का सामना होने पर बिना डर के तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कॉलेज में सुरक्षित, सम्मानजनक और डर-मुक्त माहौल बना रहे.
Report- Ashok Singh Shekhawat