)
सीकर जिले के खाटूश्यामजी में नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सोमवार को दिनभर चले सियासी घटनाक्रम के बाद देर रात चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गय.। कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी देवी के मतदान के लिए निर्धारित समय तक नहीं पहुंचने पर निर्वाचन अधिकारी ने पांच बार समय सीमा बढ़ाई।.अंतिम बार रात 11:30 बजे तक इंतजार किया गया, लेकिन पार्षद के नहीं पहुंचने पर मतदान पेटी को सील कर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया.
नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की प्रेम देवी और कांग्रेस की विनीता पूनिया के बीच मुकाबला है. दोनों दलों के पास आठ-आठ पार्षद हैं, जबकि 3 निर्दलीय और 1 आरएलपी पार्षदों की भूमिका अहम मानी जा रही है. इसी बीच कांग्रेस पार्षद लक्ष्मी देवी के मतदान के लिए नहीं पहुंचने से पूरे दिन राजनीतिक हलचल बनी रही.
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कपिल उपाध्याय ने पार्षद के पहुंचने की उम्मीद में पांच बार समय सीमा बढ़ाई. भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के कार्यकर्ता भी लक्ष्मी देवी के पहुंचने का इंतजार करते रहे. इस दौरान विधायक वीरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से समझाइश की. उच्च अधिकारियों से भी दो बार वार्ता हुई और परिणाम जारी करने की मांग उठी. वहीं विधायक ने भाजपा पर आरोप लगाया कि जनादेश का गला घोंटा जा रहा है।देर रात तक लक्ष्मी देवी के नहीं पहुंचने पर निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को स्थगित करने का निर्णय लिया.
मतदान पेटी को सील कर स्ट्रांग रूम में रखवा दिया गया. आरओ कपिल उपाध्याय ने बताया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को निरस्त किया गया है. आयोग द्वारा अगली तारीख जारी किए जाने के बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और पार्षद लक्ष्मी देवी का वोट भी उसी दौरान डाला जाएगा.वहीं लक्ष्मी देवी के समय पर मतदान केंद्र नहीं पहुंचने को लेकर उनके परिवारजनों की ओर से विरोध जताया गया. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें मतदान के लिए लाने की मांग की. रिश्तेदारी के समीकरणों के चलते लक्ष्मी देवी के वोट को लेकर दोनों दलों में दिनभर चर्चाएं चलती रहीं.चुनाव प्रक्रिया के दौरान डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. अब चुनाव आयोग की ओर से नई तारीख घोषित होने के बाद ही खाटूश्यामजी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी.