App

जयपुर कमिश्नरेट में धरना खत्म: गोविंद सिंह डोटासरा बोले- रितु बराला को न्याय दिलाकर रहेंगे

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में रितु बराला मामले को लेकर कांग्रेस ने धरना खत्म कर दिया है. गोविंद सिंह डोटासरा ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि न्याय के लिए कांग्रेस कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी.

जयपुर कमिश्नरेट में धरना खत्म: गोविंद सिंह डोटासरा बोले- रितु बराला को न्याय दिलाकर रहेंगे
Image Credit: जयपुर कमिश्नरेट में धरना खत्म.

NSUI की रितु बराला के साथ मारपीट का मामला राजस्थान में राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है. जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में करीब 42 घंटे तक चले कांग्रेस के धरने के बाद बुधवार को पार्टी ने आंदोलन समाप्त कर दिया है. कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि अब इस मामले को अदालत में उठाया जाएगा. इस पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस और भाजपा सरकार के बीच सियासी बयानबाजी को नया मुद्दा दे दिया है.

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल से वार्ता की. बैठक में रितु बराला प्रकरण में जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग और पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई.

क्या बोले पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि रितु बराला 19 अक्टूबर को मोतीडूंगरी थाने पहुंची थीं. उनकी शिकायत लेने के बाद दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने से संपर्क किया गया. जयपुर पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि 13 अक्टूबर की घटना के संबंध में पहले ही एफआईआर दर्ज है और मामले की जांच जारी है. इसी आधार पर जयपुर पुलिस ने उसी घटना के संबंध में अलग से जीरो एफआईआर दर्ज करने से इनकार किया. पुलिस कमिश्नर ने कांग्रेस नेताओं को इस संबंध में लिखित जवाब भी सौंपा.

डोटासरा बोले- कांग्रेस इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी
पुलिस के जवाब के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ेगी. पार्टी का तर्क है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी जीरो एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर विचार किया जाना चाहिए था. कांग्रेस ने कहा है कि यदि मामले में पुलिस अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी.करीब 42 घंटे तक चले धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. बुधवार को वार्ता और लिखित जवाब मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया. कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन खत्म हुआ है, लेकिन मामले को लेकर पार्टी की कानूनी लड़ाई जारी रहेगी.

 रितु बराला प्रकरण के जरिए कांग्रेस राजस्थान की भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन को घेर रही है. वहीं, पुलिस का पक्ष है कि दिल्ली में पहले से दर्ज एफआईआर की जांच चल रही है, इसलिए जयपुर में दूसरी एफआईआर दर्ज करने का औचित्य नहीं है.हालांकि एक बात साफ़ है कि पंचायत चुनाव के बीच कांग्रेस के सीनीयर लीडर्स तीन दिन तक जयपुर पुलिस के साथ एक एफआईआर के लिए उलझते रह गए और पंचायत चुनाव क़ो समय नहीं दे पाए क्योंकि आदेश राहुल गांधी का था.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashutosh Sharma

Ashutosh Sharma

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More