)
राजस्थान में 22 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. मौसम केंद्र जयपुर की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी. हालांकि, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से राजस्थान के बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
24 अक्टूबर से बदलेगा मौसम, इन क्षेत्रों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 और 23 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद 24 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के साथ आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. पश्चिमी राजस्थान के चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में 24 अक्टूबर को मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
मौसम विभाग ने 22 और 23 अक्टूबर के लिए इन जिलों में कोई चेतावनी जारी नहीं की है. ऐसे में फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान, डूंगरपुर में सबसे कम न्यूनतम पारा
मौसम केंद्र जयपुर की 22 अक्टूबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन हुआ. प्रतापगढ़ में सर्वाधिक 11.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
तापमान की बात करें तो बाड़मेर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. जैसलमेर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री, जोधपुर में 36.8 डिग्री और बीकानेर में 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा. जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, डूंगरपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
25 अक्टूबर से फिर शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 अक्टूबर को संभावित बारिश के बाद 25 से 28 अक्टूबर तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. फिलहाल किसी व्यापक बारिश का अनुमान नहीं है.
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम केंद्र जयपुर ने किसानों को खुले आसमान के नीचे रखी फसलों और कृषि उपज मंडियों में रखे अनाज व अन्य कृषि उत्पादों को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम करने की सलाह दी है. 24 अक्टूबर को संभावित मौसम बदलाव को देखते हुए किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है.