)
जयपुर: राजस्थान में उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. नवंबर का आखिरी सप्ताह शुरू होते ही प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है. शेखावाटी क्षेत्र में ठंड का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है. सुबह और देर रात अब गर्म कपड़ों के बिना बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है. मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और इसी तरह की सर्दी रहने का अनुमान जताया है.
प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में दर्ज की गई. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि माउंट आबू में पारा 5.7 डिग्री रहा. शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं में भी रातें सर्द होने लगी हैं. दूसरी तरफ बाड़मेर-जोधपुर जैसे पश्चिमी इलाकों में दिन का तापमान अभी भी 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. किसी भी जिले के लिए बारिश, शीतलहर या कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान में आंशिक बादल छा सकते हैं. अजमेर संभाग के कुछ इलाकों में आज हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. कोटा और उदयपुर संभाग में भी कहीं-कहीं बादल छाने के आसार हैं. जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और भरतपुर संभाग में मौसम पूरी तरह साफ और धूप वाला रहेगा.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 27 नवंबर तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान बारिश की कोई बड़ी गतिविधि नहीं होगी. सबसे बड़ा बदलाव तापमान में होगा. अगले 3-4 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. इससे सुबह और रात की ठंड और बढ़ जाएगी.
जयपुर: पिंक सिटी में आज मौसम साफ रहेगा. अधिकतम 27.7°C और न्यूनतम 16°C के आसपास रहेगा. सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी और दिन में धूप से राहत मिलेगी.
सीकर-चूरू: शेखावाटी में ठंड सबसे ज्यादा है. सुबह जल्दी निकलने वालों को गर्म कपड़े जरूरी हो गए हैं.
अजमेर-कोटा: शुष्क मौसम, आज कहीं-कहीं बूंदाबांदी संभव हैं. दिन में धूप, रात में हल्की ठंड पड़ सकती है.
उदयपुर: मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं, बादलों की आवाजाही के बाद मौसम साफ होगा.
बीकानेर-जोधपुर: बीकानेर-जोधपुर का मौसम शुष्क रहेगा. दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर बना रहेगा. जोधपुर में अधिकतम 30°C, न्यूनतम 17°C के आसपास रहेगा.
नवंबर के दूसरे पखवाड़े में उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आ रही हैं. रात में आसमान साफ रहने से धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकल जाती है, जिससे न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है. यही वजह है कि दिन में धूप निकलने के बावजूद रात और सुबह ठंड का अहसास बढ़ रहा है.
नवंबर के आखिरी दिनों में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा. दिसंबर में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है. खासकर सीकर, चूरू, झुंझुनूं, फतेहपुर और आसपास के इलाकों में ठंड ज्यादा परेशान कर सकती है. फिलहाल प्रदेश में शीतलहर को लेकर कोई बड़ी चेतावनी नहीं है.
सवाई माधोपुर, बीकानेर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, कोटा, अजमेर, बूंदी और भरतपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है. वाहन चालक सावधानी बरतें.