)
चक्रवाती तूफान का असर भले की कम हो गया हो, पर झारखंड में इसका प्रभाव अभी भी दिखाई दे रहा है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और बादल भी छाए हुए हैं. बीते दिन यानी शनिवार (21 नवंबर, 2026) को भी राज्य में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा. वहीं, कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी कम रही, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ा. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज (22 नवंबर, 2026) झारखंड में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है-
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड के कई जिलों में 23 नवंबर तक आसमान में बादल छाए रहने वाले हैं और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. 24 नवंबर से मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. इसके कारण ठंड में भी इजाफा देखने को मिलेगा. IMD के अनुसार, अगले तीन दिनों तक सुबह और देर शाम राज्य में कोहरे का असर देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग ने आज गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में कुछ जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भी बारिश की संभावना जताई है. 23 नवंबर को 4 जिलों में बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम का नाम शामिल है.
तापमान की बात करें, तो आज झारखंड में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
बीते दिन (21 नवंबर) रांची में मौसम की खराबी का सीधा असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला. खराब मौसम की वजह से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गई. साथ ही, रांची से दिल्ली जाने वाली चार फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई. इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई और भुवनेश्वर की उड़ानों पर भी असर पड़ा है. चेन्नई, अहमदाबाद, कोलकाता और पुणे के साथ बेंगलुरु रूट की उड़ानें भी रद्द की गई.