App

10 हजार की भीड़, डीजे और पुष्पवर्षा: डेगाना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, डोटासरा-जूली ने पंचायतीराज चुनाव का फूंका बिगुल

Rajasthan News: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने डेगाना से प्रदेश स्तरीय अभियान का आगाज किया. डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा, वहीं जूली ने चुनाव से पहले संभावित प्रत्याशियों की सूची मांगने को लेकर सरकार पर सवाल उठाए.

10 हजार की भीड़, डीजे और पुष्पवर्षा: डेगाना में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, डोटासरा-जूली ने पंचायतीराज चुनाव का फूंका बिगुल
Image Credit: Rajasthan Politics News

Nagaur News: पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज डेगाना से प्रदेश स्तरीय चुनावी अभियान का आगाज जिला स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सभा से किया. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, जुलूस और डीजे के साथ जोरदार स्वागत किया.

गोविंद सिंह डोटासरा ने नागौर को अपना बताया ननिहाल 
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने संबोधन में कहा कि नागौर उनका ननिहाल है और वे यहां के भाणु हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस बार ननिहाल से टोपला पहनाए कि पंचायतीराज चुनाव में भाजपा का सुपड़ा साफ हो जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा नेता चुनाव बाद मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता चुनाव में ही सरकार का हिसाब कर देगी. उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पर तंज कसते हुए कहा कि "वे कहते हैं पंचायत चुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार और नियुक्तियां देंगे, मैं कहता हूं पंचायत चुनाव के बाद इस पर्ची सरकार व मुख्यमंत्री का ही हिसाब हो जाएगा." डोटासरा ने कहा कि भाजपा बेवजह वादे करती है. कांग्रेस यह नहीं कहती कि सरकार आने पर किसी को बैरिस्टर बना देंगे या स्कॉर्पियो दे देंगे, लेकिन बिजली, पानी, रोजगार, समस्याओं की सुनवाई और विकास के लिए बजट जरूर उपलब्ध कराएगी. इस दौरान उनके अंदाज पर सभा में कई बार ठहाके और तालियां गूंजीं.

डेगाना विधायक डांगा पर तंज कसे
डोटासरा ने डेगाना विधायक अजयसिंह किलक‌ को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि विधायक किलक साफा लगाकर विधानसभा जाते हैं, लेकिन उनसे पूछो कि सरकार से डेगाना के लिए कितना बजट मिल रहा है. विधायकों की ही सुनवाई नहीं हो रही तो विकास कार्यों के लिए पैसा कहां से आएगा. उन्होंने खींवसर विधायक रेंवतराम डांगा का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनकी स्थिति भी ऐसी ही है. बिना नाम लिए आरएलपी नेता हनुमान बेनीवाल पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस से ऐसी क्या दुश्मनी है. कुछ करना है तो भाजपा का गला दबाओ.

Rajasthan Politics News

जूली बोले - सरकार को पंचायत चुनाव में हार का डर
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तेजाजी महाराज के जयकारों के साथ संबोधन शुरू किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाने के लिए मैदान में हैं और भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी.

जूली ने भाजपा पर लगाए आरोप
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पंचायत चुनाव में संभावित हार से घबराई हुई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला कलेक्टरों को चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों की सूची मांगने की बात सामने आई है. उन्होंने सवाल किया कि चुनाव लड़ने वालों की सूची पहले से मांगने की जरूरत सरकार को क्यों पड़ रही है. जूली ने कहा कि इस संबंध में डोटासरा और उन्होंने प्रमाण सोशल मीडिया पर साझा किए हैं. उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से प्रमाणों पर जवाब देने को कहा. जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने कहा कि गांवों में न पर्याप्त बिजली मिल रही है, न पानी और न किसानों को खाद. पेंशन, पालनहार, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं के भुगतान में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि किसानों की फसल खरीद और सिंचाई की समस्याएं भी बनी हुई हैं. उन्होंने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए किसानों से पूछा कि कांग्रेस सरकार के समय बिल कम आते थे या भाजपा सरकार में? उन्होंने कहा कि बिल बढ़ने के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था संतोषजनक नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More