)
राजस्थान में 'गांवों की सरकार' किसके हाथ में होगी, इसका फैसला आज होने जा रहा है. प्रदेश के 37 जिलों में पंचायत चुनाव की मतगणना के साथ ही आज ईवीएम का पिटारा खुलेगा. करीब ढाई करोड़ मतदाताओं के जनादेश से 29 हजार 177 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत तय होगी. कुल 8,818 वार्डों के नतीजे आने हैं, जिनमें जिला परिषद के 1,275 वार्डों (4,069 प्रत्याशी) और 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों (25,108 प्रत्याशी) का भविष्य दांव पर लगा है.
नतीजों से पहले BJP का बड़ा दावा : 27 जिलों में स्पष्ट बहुमत की उम्मीद
मतगणना शुरू होने से ठीक एक दिन पहले यानी गुरुवार को बीजेपी खेमे से बड़ी हलचल सामने आई. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश नेतृत्व ने चुनाव प्रभारियों से जो फीडबैक रिपोर्ट मंगवाई थी, उसमें करीब 27 जिलों में जिला प्रमुख बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी बीते दिन दावा किया था कि पंचायत चुनाव में पार्टी को निकाय चुनाव से भी बड़ा बहुमत मिलने जा रहा है. हालांकि, दावों और फीडबैक रिपोर्ट की असली परीक्षा आज के नतीजों में ही होगी.
आज शाम हारने वालों की 'घर वापसी', जीतने वाले रहेंगे कैंप में
चुनाव परिणाम के साथ ही बीजेपी के प्रशिक्षण शिविरों (बाड़ेबंदी) की तस्वीर भी आज साफ हो जाएगी. पिछले करीब एक सप्ताह से पार्टी के प्रत्याशी अलग-अलग होटलों, रिजॉर्ट और धर्मशालाओं में ठहरे हुए हैं. पार्टी की रणनीति साफ है. आज जो प्रत्याशी चुनाव हार जाएंगे, उनका प्रशिक्षण खत्म कर शाम तक उन्हें घर भेज दिया जाएगा। वहीं, जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों का कैंप जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव होने तक जारी रहेगा.दूसरी तरफ, कांग्रेस ने इस पूरे चुनाव में बीजेपी पर सत्ता के दुरुपयोग और समर्थन जुटाने के लिए करोड़ों रुपये के ऑफर देने के आरोप लगाए हैं, जिन्हें बीजेपी ने सिरे से खारिज कर दिया है.
कांग्रेस का '50-50' युवा दांव, डोटासरा की नजर नए चेहरों पर
उधर, बीजेपी के दावों के बीच कांग्रेस ने भी जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के पदों को लेकर अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी. पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी में नई जान फूंकने के लिए युवा नेतृत्व पर बड़ा दांव खेला है. डोटासरा ने साफ लक्ष्य तय किया है कि पार्टी के खाते में आने वाले कुल जिला प्रमुख और प्रधान पदों में से 50 फीसदी कमान 50 साल से कम उम्र के नेताओं को सौंपी जाएगी. इस रणनीति के जरिए कांग्रेस की कोशिश गांव-ढाणी स्तर पर नए राजनीतिक चेहरे उभारने की है, ताकि आने वाले बड़े चुनावों के लिए संगठन की जमीन अभी से मजबूत की जा सके.
राजस्थान में काउंटिंग, उधर यूपी मिशन पर निकलीं 45 महिला नेत्रियां
एक ओर जहां प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है, वहीं बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भी अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। गुरुवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय से बीजेपी महिला मोर्चा की करीब 45 महिला कार्यकर्ताओं की टोली यूपी के लिए रवाना हुई. इसमें पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व मेयर भी शामिल हैं.
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के बीच बस को हरी झंडी दिखाई. ये महिला नेत्रियां यूपी में चुनावी प्रशिक्षण के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरण अभियान चलाएंगी और 'फिर योगी सरकार, बीजेपी सरकार' का संदेश देंगी.
रवानगी के वक्त मदन राठौड़ ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी में गुंडाराज खत्म हुआ है, अपराधियों की संपत्तियों पर बुलडोजर चला है और पलायन की जगह अब स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है. जब उनसे पूछा गया कि क्या योगी आदित्यनाथ ही यूपी में सीएम का चेहरा होंगे, तो उन्होंने सधे हुए अंदाज में कहा कि फिलहाल पार्टी योगी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रही है और मुख्यमंत्री चेहरे पर अंतिम फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करता है.