)
कुंडा की रामकथा में आस्था के साथ दिखा सियासी संगम
यूपी में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच प्रतापगढ़ के कुंडा से आई कुछ तस्वीरों ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. कुंडा के बेंती में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने श्रीराम कथा का आयोजन किया था. जहां आस्था के साथ-साथ बड़े राजनीतिक संदेश भी निकलकर सामने आ रहे हैं. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस कथा के दूसरे दिन 19 नवंबर को राजस्थान की शिव विधानसभा से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह खास मेहमान बनकर पहुंचे.
राजा भैया को साफा पहनाते दिखे रविंद्र भाटी, तस्वीरों के निकाले जा रहे सियासी मायने
कथा स्थल पर राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी का जोरदार स्वागत हुआ. इस दौरान सबसे ज्यादा सुर्खियां उस पल ने बटोरीं, जब राजस्थान के युवा चेहरे रविंद्र भाटी ने बड़े सम्मान के साथ राजा भैया को पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाया. दोनों नेताओं के बीच की ये गर्मजोशी और सिर्फ एक धार्मिक मुलाकात भर नहीं मानी जा रही है. आगामी यूपी चुनाव से पहले क्षत्रिय समाज के दो प्रभावशाली चेहरों का एक मंच पर आना और मारवाड़ की परंपरा (साफा) से स्वागत करना, सियासी जानकारों के बीच नए समीकरणों की चर्चा छेड़ गया है.

अखिलेश यादव पर भाटी का पलटवार- 'राघव और माधव को बांटने की साजिश नाकाम होगी'
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात और कथा श्रवण के बाद रविंद्र सिंह भाटी के तेवर पूरी तरह सियासी नजर आए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर सीधा पलटवार किया, जिसमें कथा में शामिल नहीं होने की अपील की गई थी. भाटी ने दो टूक कहा, "वे केवल अपील ही करते रहेंगे. उन्होंने राघव और माधव को बांटने की तमाम साजिशें की हैं, लेकिन वे कामयाब नहीं होंगे" इसके साथ ही भाटी ने पाकिस्तान से आए विस्थापित शरणार्थियों के लिए आयोजित इस धार्मिक महोत्सव की जमकर सराहना की.

इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान रविंद्र सिंह भाटी, बीजेपी नेता देवी सिंह भाटी, पूर्व विधायक अमीन खान, मानवेंद्र सिंह जसोल और सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकातों को लेकर भी चर्चा में रहे थे, लेकिन पिछले 6 महीनों में उनकी मुख्य सक्रियता EWS यात्रा के साथ दिखी थी, लेकिन अब यूपी में राजा भैया से मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राजस्थान के इस लोकप्रिय युवा विधायक का राजा भैया के गढ़ पहुंचना और उनके साथ गर्मजोशी से मिलना महज एक औपचारिक या धार्मिक मुलाकात नहीं है. संभावना जताई जा रही है कि जहां एक तरफ रविंद्र भाटी राजस्थान की सीमाओं से बाहर निकलकर उत्तर प्रदेश जैसे सबसे बड़े सियासी सूबे में अपनी पहचान और युवा फॉलोइंग का विस्तार करने की कोशिश में हैं, वहीं दूसरी तरफ राजा भैया भी चुनाव से पहले अपनी पार्टी 'जनसत्ता दल लोकतांत्रिक' और अपने प्रभाव क्षेत्र में युवाओं व क्षत्रिय समाज के बीच नई ऊर्जा भरना चाहते है. क्या पता ऐसे में आने वाले यूपी चुनाव में भाटी , राजा भैया के लिए एक स्टार प्रचारक या युवाओं को जोड़ने वाले चेहरे की भूमिका में भी नजर आ जाएं.