)
जैसलमेर की बेटी डिम्पल कंवर ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और राजस्थान का नाम रोशन किया है. महज 10 वर्ष की उम्र में डिम्पल ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीते. प्रतियोगिता 10 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित हुई. इसमें डिम्पल ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया. उनकी सफलता से जैसलमेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी और गर्व का माहौल है.
तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में जीते रजत पदक
डिम्पल ने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किए. इनमें बायथल, ट्रायथल और लेजर रन शामिल हैं. बायथल में तैराकी और दौड़, ट्रायथल में तैराकी, दौड़ और शूटिंग, जबकि लेजर रन में दौड़ और शूटिंग शामिल होती है. अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय अभियान में तीन पदक जीतकर डिम्पल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है.
दो साल से ग्वालियर में ले रही हैं प्रशिक्षण
डिम्पल जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत सुख सिंह नगर के मुख्यालय आशायच की निवासी हैं. वह पिछले दो वर्षों से ग्वालियर में कोच विनोद जाटव के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं. उनकी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की अहम भूमिका रही है.
गांव में मिठाइयां बांटकर मनाई खुशी
डिम्पल स्वर्गीय अर्जुन सिंह भाटी, आशायच की पौत्री हैं. उनके बड़े पापा सुमेर सिंह भाटी ने बताया कि डिम्पल की अंतरराष्ट्रीय सफलता की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई. लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उसे शुभकामनाएं दीं. क्षेत्रवासियों ने भी डिम्पल को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

ओलंपियन बनकर देश के लिए पदक जीतने का सपना
महज 10 साल की उम्र में तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीतना डिम्पल के खेल जीवन की बड़ी उपलब्धि है. उनका सपना ओलंपियन बनना और देश के लिए पदक जीतना है. सीमांत क्षेत्र की इस बेटी ने साबित किया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर गांव की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं. उनकी कामयाबी ने परिवार और गांव को गौरवान्वित किया है तथा बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी है.