राजस्थान पंचायत चुनाव: बीमारी भी नहीं रोक पाई मतदान का जज्बा, डायलिसिस के मरीज ने परिवार संग डाला वोट
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण में ग्रामीणों में उत्साह दिखा. उदयपुर में डायलिसिस मरीज ने परिवार सहित मतदान किया. डूंगरपुर में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग वोट डालने पहुंचे. अलवर, राजसमंद और झालावाड़ में भी मतदान जारी रहा.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण में गांवों की सरकार चुनने के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. उदयपुर में डायलिसिस के मरीज संतोष कुंवर ने परिवार के साथ मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई, तो डूंगरपुर में युवा मतदाताओं यानी ‘Gen Z’ से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में मतदान को लेकर जोश नजर आया. राजसमंद, झालावाड़ और अलवर में भी मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. कहीं महिलाओं की लंबी कतारें दिखीं, तो कहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता तमाम चुनौतियों के बावजूद वोट डालने पहुंचे.
उदयपुर में डायलिसिस के मरीज संतोष कुंवर ने भी परिवार सहित किया मतदान
उदयपुर के गोटिपा पंचायतराज चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए गोटिपा ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया. मतदान के दौरान ग्रामीणों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर भगवत सिंह, डॉ. नरेंद्र सिंह देवल, अरुण सिंह देवल, रतन कुंवर, दशरथ सिंह, सोहन कुंवर एवं डॉ. अनामिका सहित अन्य ग्रामीणों ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई.
मतदान के दौरान विशेष रूप से संतोष कुंवर का जज़्बा देखने को मिला. डायलिसिस करवाने के बावजूद उन्होंने हर्षपूर्वक अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया. उनका यह कदम मतदान के प्रति जागरूकता और लोकतंत्र में भागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण रहा. ग्रामीणों ने मतदान के महत्व को समझते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मतदान के माध्यम से ग्रामीणों ने पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान पंचायत चुनाव: जयपुर की 8 पंचायत समितियों में वोटिंग जारी, जानें कहां कितनी वोटिंग
डूंगरपुर में 'Gen Z' में जबरदस्त उत्साह
डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है. जिले की 7 पंचायत समितियों-झोथरी, सीमलवाड़ा, भंडारी, चिखली, गलियाकोट, सागवाड़ा और पाडवा के 596 बूथों पर मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है.
जिला निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक जिले में औसतन 29.15% मतदान दर्ज किया गया है. झोथरी पंचायत समिति में 26.57 फीसदी, सीमलवाड़ा में 29.90 फीसदी, भंडारी में 30.56 फीसदी,चिखली में 34.98 फीसदी, गलियाकोट में 31.83 फीसदी, सागवाड़ा में 22. 72 फीसदी और पाडवा में 27.49 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. इधर दिन चढ़ने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर मतदाताओं का उत्साह देखते ही बन रहा है.
स्थानीय मुद्दों पर वोटिंग, 'Gen Z' और 'बुजुर्गों' की सक्रिय भागीदारी
गांवों की मूलभूत सुविधाओं, सड़क, पानी, बिजली और स्थानीय विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए मतदाता लोकतंत्र में अपनी हिस्सेदारी निभा रहे हैं. पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर रहे युवा मतदाताओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है. युवा अपने गांव और पंचायत की तस्वीर बदलने के विजन के साथ वोट डाल रहे हैं. बुजुर्ग और महिला मतदाता भी पीछे नहीं हैं. कई बूथों पर बुजुर्गों को परिजनों के सहारे तो वहीं महिलाएं पारंपरिक परिधानों में समूहों में मतदान करने पहुंच रही हैं.
सीमलवाड़ा में धीमी गति से कतारें, जमीन पर बैठकर इंतजार कर रहे मतदाता
सीमलवाड़ा पंचायत समिति के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया काफी धीमी देखी जा रही है. भादर, सूजा तलाई, खार समेत कई ग्रामीण बूथों पर धीमी गति के कारण मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं. कतारों में लगे मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते हुए जमीन पर ही बैठकर प्रतीक्षा करते दिखाई दिए. जिले के सभी 596 बूथों पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
राजसमंद में मतदाताओं में दिख रहा भारी उत्साह
राजसमंद पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के तहत आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान सुचारू रूप से जारी है. सुबह से ही ग्रामीण इलाकों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. आमेट पंचायत समिति के सभी 17 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है. जिला परिषद के वार्ड संख्या 20, 21 और 22 के लिए मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः जयपुर पंचायत चुनाव में मतदान से पहले EVM में तकनीकी खराबी: 797 बूथों पर वोटिंग जारी
मतदान सुबह 7:00 बजे शुरू हुआ है, जो शाम 7:00 बजे तक चलेगा. निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 1:00 बजे तक पंचायत समिति क्षेत्र में 30.11% मतदान दर्ज किया जा चुका है. आमेट इलाके में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए कुल 109 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. क्षेत्र के कुल 82,252 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.
झालावाड़ में बुजुर्ग मतदाताओं ने भी दिखाया उत्साह
झालावाड़ जिले में पंचायत चुनावो को लेकर प्रथम चरण में चार पंचायत समितियां में आज मतदान जारी है. जिले के डग, भवानीमंडी, मनोहरथाना और अकलेरा पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए आज मतदान किया जा रहा है.
चारों पंचायत समितियां की कुल 128 ग्राम पंचायतो के 88 पंचायत समिति सदस्य और 17 जिला परिषद सदस्यों के चयन हेतु 467 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां मतदाता सुबह से ही मतदान हेतु कतारबद्ध नजर आए.
खास बात यह रही कि मतदान के लिए बुजुर्ग और दिव्यांग जनों ने भी उत्साह दिखाया और मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. झालावाड़ जिले के ग्राम पंचायत भवानीमंडी क्षेत्र में भी मतदाताओं की लंबी कतारे दिखाई दी, तो पंचायत समिति क्षेत्र डग के उन्हेंल नागेश्वर में भी मतदान के लिए ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया.
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बेहतर तैयारी की गई है. मतदाताओं की सुविधाओं हेतु विशेष ध्यान रखा जा रहा. दिव्यांग और बीमार मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर भी मतदान केंद्र पर मौजूद रखी गई है. इसके साथ ही समय संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
अलवर के बगड़ मेव में महिला मतदाताओं की लंबी कतारें
अलवर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बगड़ मेव स्थित राजकीय विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचने लगे. इस दौरान महिलाओं की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं. महिलाओं की भागीदारी मतदान के प्रति जागरूकता को दर्शाती नजर आई. बगड़ मेव के संवेदनशील मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर अंबालाल मीणा ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया.
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्र पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है.