)
Nikay Chunav Latest Update: राजस्थान में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के पहले चरण के तहत मतदान जारी है. सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी. प्रदेश के 162 नगरीय निकायों में सुबह 10 बजे तक 26.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस दौरान 12.42 लाख मतदाताओं में से 3.28 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है.

युवाओं को मतदान के लिए किया प्रोत्साहित
चौमूं क्षेत्र के कालाडेरा में मतदान के दौरान लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली. रिटर्निंग ऑफिसर मुक्ता राव की ओर से अनूठी पहल करते हुए मतदान बूथ पर युवाओं के लिए सेल्फी पॉइंट बनाया गया. युवा मतदाताओं ने यहां सेल्फी लेकर मतदान का संदेश दिया. सेल्फी पॉइंट पर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया और उन्होंने मजबूत लोकतंत्र के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की.
जयपुर में 29.47 प्रतिशत मतदान
जयपुर जिले की 18 निकायों में सुबह 10 बजे तक 29.47 प्रतिशत मतदान हुआ. जिले के 565 बूथों पर वोटिंग चल रही है. कानोता में सबसे ज्यादा 39.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. फागी में 36.15 प्रतिशत, दूदू में 33.61 प्रतिशत, किशनगढ़-रेनवाल में 32.42 प्रतिशत, बगरू में 32 प्रतिशत और वाटिका में 31.57 प्रतिशत वोटिंग हुई. कालाडेरा में 29.94 प्रतिशत, फुलेरा में 24.68 प्रतिशत, चौमूं में 24.43 प्रतिशत और सांभरलेक में 23.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

कई जिलों में भी मतदान ने पकड़ी रफ्तार
चूरू जिले की पांच निकायों में सुबह 10 बजे तक 26.92 प्रतिशत मतदान हुआ. चूरू नगर परिषद में 26.68 प्रतिशत, सुजानगढ़ में 21.82 प्रतिशत, राजगढ़ में 24.95 प्रतिशत, रतननगर में 34.46 प्रतिशत और छापर में 27.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. खैरथल-तिजारा जिले में 26.73 प्रतिशत मतदान हुआ. यहां भिवाड़ी में 17,257, खैरथल में 11,888 और तिजारा में 7,328 मतदाताओं ने वोट डाला.

दौसा जिले में भी मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला. सुबह 10 बजे तक महवा में 24.09 प्रतिशत, सिकराय में 32.04 प्रतिशत, बांदीकुई में 22.39 प्रतिशत, भंडारेज में 34.90 प्रतिशत, मंडावर में 29.53 प्रतिशत और बसवा में 33.95 प्रतिशत मतदान हुआ.
कुछ जगहों पर विवाद और शिकायतें भी
बीकानेर के वार्ड नंबर 73 में मतदान केंद्र के बाहर भीड़ जुटने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी. थानाधिकारी सुरजीत कुमार की अगुवाई में पुलिस ने बूथ के बाहर मौजूद लोगों को 200 मीटर की परिधि से बाहर किया. वहीं फतेहपुर के वार्ड 40 में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच विवाद की स्थिति बनी. प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ. भिवाड़ी के वार्ड नंबर 12 में दो मतदाताओं ने शिकायत की कि मतदान केंद्र पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनके नाम से पहले ही वोट डाला जा चुका है. दोनों मतदाताओं ने अधिकारियों से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की.

भरतपुर से लेकर करौली तक वोटिंग जारी
भरतपुर नगर निगम में सुबह 10 बजे तक 21 प्रतिशत, रूपवास नगरपालिका में 36 प्रतिशत और भुसावर नगरपालिका में 21 प्रतिशत मतदान हुआ. करौली नगर परिषद में 24.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. बारां जिले में बारां नगर परिषद में 24.47 प्रतिशत, अंता में 15.16 प्रतिशत और सीसवाली में 22.02 प्रतिशत मतदान हुआ.
उनियारा नगरपालिका में मॉक पोल के दौरान स्विच संबंधी समस्या के चलते बीयू यूनिट बदली गई. इसके बाद मतदान प्रक्रिया जारी रही. पीपलू नगरपालिका के पहले चुनाव को लेकर भी मतदाताओं में उत्साह देखा गया. यहां सुबह 10 बजे तक करीब 24 प्रतिशत मतदान हुआ.
102 वर्षीय पतासी देवी ने परिवार की चौथी पीढ़ी के साथ किया मतदान
श्रीमाधोपुर. नगर निकाय चुनाव 2026 के दौरान श्रीमाधोपुर के वार्ड नंबर 16 स्थित मतदान बूथ पर लोकतंत्र के प्रति उत्साह की अनूठी तस्वीर देखने को मिली. यहां 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला पतासी देवी ने अपने बेटों, पोतों और पड़पोतों के साथ मतदान किया. परिवार के सदस्य पतासी देवी को मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे. इस दौरान उनके साथ परिवार की चौथी पीढ़ी भी मौजूद रही. खास बात यह रही कि परिवार के कुल 23 सदस्यों ने एक साथ मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई. पतासी देवी की उम्र 102 वर्ष होने के बावजूद मतदान के लिए बूथ तक पहुंचना और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा. उनके साथ परिवार की चार पीढ़ियों का मतदान केंद्र पहुंचना भी चर्चा का विषय बना.

भीलवाड़ा में किन्नर समाज ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
भीलवाड़ा. नगर निकाय चुनाव में किन्नर समाज ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया. शहर के बापूनगर स्थित वार्ड नंबर 11 में किन्नर समाज की पांच सदस्याओं ने मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई. किन्नर प्रिया दीदी ने मतदान के बाद कहा कि उन्होंने वोट डालकर अपनी जिम्मेदारी निभा दी है. उन्होंने अन्य मतदाताओं से भी घरों से निकलकर मतदान करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदाताओं को ऐसा पार्षद चुनना चाहिए, जो उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहे, शहर के विकास के लिए काम करे और गलत गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए. नगर निकाय चुनाव के दौरान श्रीमाधोपुर में 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला का परिवार की चौथी पीढ़ी के साथ मतदान और भीलवाड़ा में किन्नर समाज की भागीदारी लोकतंत्र में हर वर्ग की हिस्सेदारी की तस्वीर पेश करती है.
