)
Rajasthan nikay chunav 2026 : अलवर में मंगलवार की रात करीब एक बजे दिवाकरी इलाके में एक संदिग्ध कार घूमती हुई पकड़ी गई. स्थानीय लोगों ने जब उस कार (RJ 14 CM 6770) का पीछा किया, तो गाड़ी एक जगह रूकी हुई मिली. लोगों का कहना है कि उस कार से मिठाई के डिब्बे निकाले जा रहे थे और भीड़ इकट्ठा होते ही गाड़ी वाले गाड़ी वाले वहां से भाग गये.
लोगों ने जब उन डिब्बों को खोलकर देखा तो उनके अंदर कलाकंद के साथ नोट भी रखे हुए मिले. बताया जा रहा है कि इन डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा का स्टीकर भी लगा हुआ था. हालांकि वैशाली नगर थाना पुलिस ने इस तरह की किसी भी घटना से साफ इनकार कर दिया है.
इस पूरे मामले पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा ने वीडियो को पूरी तरह से फर्जी बताया है. उनका कहना है कि विरोधियों ने उन्हें बदनाम करने के लिए ये झूठा वीडियो बनवाया है. वहीं दूसरी तरफ बसपा प्रत्याशी सुमित वर्मा ने दुलीचंद बैरवा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वो पैसे देकर वोट खरीदने की कोशिश कर रहे थे.
वोटिंग से कुछ घंटे पहले सामने आए इस वायरल वीडियो ने वार्ड 42 की राजनीति में हलचल मचा दी है. फिलहाल वीडियो और उसमें दिख रही कार के साथ नोटों की सच्चाई क्या है ? ये तो पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा .