App

महिला का पर्स छीनकर छत पर चढ़ा बंदर, 40 हजार के नोट हवा में उड़ाए

Rajasthan News: श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर बंदर महिला यात्री का पर्स छीनकर छत पर जा बैठा और करीब 40 हजार रुपए निकालकर 15 मिनट तक नोट हवा में उड़ाता रहा. यात्रियों ने नोट जुटाकर महिला को लौटाए, लेकिन कुछ रुपए नहीं मिल सके. स्टेशन पर बंदरों का आतंक भी सामने आया.

महिला का पर्स छीनकर छत पर चढ़ा बंदर, 40 हजार के नोट हवा में उड़ाए
Image Credit: Sawai Madhopur News

Sawai Madhopur News: कोटा मंडल के श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां एक बंदर महिला यात्री का पर्स छीनकर फुट ओवर ब्रिज के टीन शेड पर जा बैठा. इसके बाद बंदर ने पर्स खोलकर उसमें रखे करीब 40 हजार रुपए निकाल लिए और करीब 15 मिनट तक नोटों को हवा में उड़ाता रहा. बंदर के इस कारनामे को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री और स्टेशन स्टाफ भी हैरान रह गए. जानकारी के अनुसार महिला यात्री कोटा से जनशताब्दी ट्रेन से श्री महावीर जी स्टेशन पहुंची थी. स्टेशन पर उतरने के बाद एक बंदर ने महिला का पर्स छीन लिया और उसे लेकर फुट ओवर ब्रिज के ऊपर टीन शेड पर जा बैठा. महिला और आसपास मौजूद लोगों ने बंदर से पर्स वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन बंदर पर्स लेकर ऊंचाई पर बैठ गया. कुछ देर बाद बंदर ने पर्स खोलना शुरू किया और उसमें रखे नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा. करीब 15 मिनट तक बंदर ने 500, 200 और 100 रुपए के नोट हवा में उड़ाए. नोट स्टेशन भवन की छत, प्लेटफॉर्म और आसपास के कई स्थानों पर जा गिरे.

काफी मशक्कत के बाद लोगों ने बंदर से छुड़ाया पर्स
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन स्टाफ और यात्री मौके पर एकत्रित हो गए. लोगों ने इधर-उधर गिरे नोटों को तलाशकर एकत्रित करना शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद लोगों ने बंदर से पर्स छुड़ाने में सफलता हासिल की. पर्स खाली समझकर बंदर ने भी उसे नीचे फेंक दिया. हालांकि पर्स की दूसरी जेब में रखे करीब 11 हजार रुपए सुरक्षित बच गए. बाद में यात्रियों और स्टेशन स्टाफ ने एकत्रित किए गए रुपए महिला को सौंप दिए. महिला को काफी तलाश के बाद भी कुछ रुपए नहीं मिल सके. इससे महिला को हजारों रुपए का नुकसान भी हुआ.

नोट उड़ते देख परेशान हुई महिला
स्टेशन स्टाफ के अनुसार बंदर द्वारा नोट उड़ाए जाने का दृश्य देखकर महिला काफी परेशान हो गई थी. जब यात्रियों और स्टाफ की मदद से अधिकांश रुपए वापस मिल गए तो महिला ने राहत की सांस ली. घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बंदर की हरकत का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में बंदर पर्स लेकर फुट ओवर ब्रिज के टीन शेड पर बैठा और नोट हवा में उड़ाता नजर आ रहा है.

बंदरों के आतंक से यात्री परेशान
यात्रियों का कहना है कि श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है. स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में बंदर घूमते रहते हैं और आए दिन यात्रियों का सामान छीनकर भाग जाते हैं. विरोध करने पर बंदरों के यात्रियों को काटने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं. यात्रियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसका कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है. यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More