App

खंडार में पार्षद के लापता होने से मचा हड़कंप: बैरवा समाज की भीड़ जुटी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

Rajasthan News: खंडार में भाजपा पार्षद मानवेंद्र अकोदिया के लापता होने का मामला गरमाया. इसी बीच उनका वीडियो सामने आया, जिसमें वे भाजपा कैंप में स्वेच्छा से होने की बात कह रहे हैं. परिजनों ने दबाव में बयान दिलाने का आरोप लगाया है.

खंडार में पार्षद के लापता होने से मचा हड़कंप: बैरवा समाज की भीड़ जुटी, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
Image Credit: Manvendra Akodiya

Sawai Madhopur News: सवाई माधोपुर के खंडार में वार्ड 19 के भाजपा पार्षद मानवेंद्र अकोदिया के लापता होने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है. उनकी तलाश और उन्हें परिजनों के सामने लाने की मांग को लेकर बैरवा समाज के लोग खंडार में जुट रहे हैं. इसी बीच मानवेंद्र का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भाजपा कैंप में होने और अपनी इच्छा से पार्टी के साथ रहने की बात कहते नजर आ रहे हैं. हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनसे दबाव में यह बयान दिलवाया गया है. इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

भाजपा के साथ होने का वीडियो आया सामने
नगर पालिका चुनाव के बाद वार्ड 19 से भाजपा के टिकट पर जीते पार्षद मानवेंद्र अकोदिया के मामले में अब नया मोड़ आया है. सामने आए वीडियो में मानवेंद्र भाजपा कैंप में होने की बात कह रहे हैं. वह खुद को भाजपा के साथ स्वेच्छा से बता रहे हैं. वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं कि वह पार्टी के साथ हैं और पार्टी के लिए सब कुछ न्यौछावर है. पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी या आदेश मिलेगा, उसे पूरा करने की बात भी वह कह रहे हैं.

परिजनों ने लगाया दबाव में बयान दिलाने का आरोप
वीडियो सामने आने के बाद मानवेंद्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनसे दबाव में बयान दिलवाया गया है. हालांकि, इस आरोप की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

बैरवा समाज ने दिया था अल्टीमेटम
मानवेंद्र के मामले को लेकर शनिवार को बैरवा समाज ने बैठक कर प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था. समाज की ओर से कहा गया था कि 20 सितंबर सुबह 10 बजे तक मानवेंद्र को उनके परिजनों के सामने पेश नहीं किया गया तो समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा. साथ ही एसडीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी गई थी.

मतदान के बाद साथ ले जाने का आरोप
परिजनों की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया था कि 9 सितंबर को नगर पालिका चुनाव का मतदान खत्म होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मीटिंग के बहाने मानवेंद्र अकोदिया को अपने साथ ले गए थे. इसके बाद से ही परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.

समाज के लोगों ने सोशल मीडिया पर सामने आई कुछ तस्वीरों का भी हवाला दिया था. उनका दावा था कि इन तस्वीरों में मानवेंद्र भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय विधायक के साथ नजर आ रहे हैं. इसी के आधार पर परिजनों ने आशंका जताई थी कि मानवेंद्र को उनकी इच्छा के खिलाफ कहीं रखा गया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

115 वोटों से जीते हैं मानवेंद्र
मानवेंद्र अकोदिया ने भाजपा के चुनाव चिह्न पर वार्ड 19 से चुनाव जीता है. उन्होंने 115 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. वहीं, उनके पिता हंसराज बैरवा कांग्रेस की ओर से हाइब्रिड फार्मूले के तहत नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं. इसके बाद से खंडार में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं.

थाने से हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
मानवेंद्र को वापस लाने की मांग को लेकर उनके पिता हंसराज बैरवा ने खंडार थाने और सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है. इसके साथ ही हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका भी दायर की गई है. इसके बावजूद मानवेंद्र का पता नहीं चलने का आरोप लगाते हुए बैरवा समाज ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई थी.

खंडार में बढ़ाई गई सुरक्षा
मामले को लेकर बैरवा समाज के लोगों के खंडार पहुंचने और प्रदर्शन की संभावना के बीच पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है. खंडार, बहरावंडा खुर्द और छाण में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है. खंडार कस्बे के मुख्य रास्तों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं और रास्तों पर आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है.

अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी खींचतान
खंडार नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपना बोर्ड बनाने के लिए सक्रिय हैं. पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक बैरवा पालिका अध्यक्ष बनाने के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ में जुटे हैं. वहीं, खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल भी चुनाव को लेकर सक्रिय हैं. दोनों नेताओं की सक्रियता के बीच मानवेंद्र अकोदिया का वीडियो सामने आने से नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव को लेकर चल रही सियासी हलचल और बढ़ गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More