App

'मैं नाराज फूफा नहीं, शांत फूफा हूं- आखिरी क्यों BJP मंत्री ने कही ये बात?

जयपुर में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. अश्विनी वैष्णव ने SIR, EVM और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया. वहीं, सीएम भजनलाल शर्मा ने आपातकाल और पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरा.

'मैं नाराज फूफा नहीं, शांत फूफा हूं- आखिरी क्यों BJP मंत्री ने कही ये बात?
Image Credit: 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' रैली

राजधानी जयपुर में बीजेपी की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' रैली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत के लोकतंत्र पर कुठाराघात कर रहा है. कांग्रेस लोकतंत्र पर कुल्हाड़ी मारने का काम कर रही है. हम लोकतंत्र को बचाएंगे और अराजकता को हटाएंगे. इस दौरान वैष्णव ने भारत माता सहित कई नारे लगवाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा. उन्होंने जयपुरवासियों से कहा कि अपनी ताकत और जोश दिखाओ.

'मैं नाराज फूफा नहीं, शांत फूफा हूं'
अपने संबोधन के दौरान अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मैं नाराज फूफा नहीं, शांत फूफा हूं. मैं इसी मिट्टी का बेटा हूं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से SIR को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम में कोई सार्थकता नहीं है. पहले भी SIR होता रहा है और कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण किया जाता था. वोटर लिस्ट लोकतंत्र का मूल आधार है और समय-समय पर इसका शुद्धिकरण जरूरी है. चुनाव आयोग अपना संवैधानिक दायित्व निभा रहा है, लेकिन कांग्रेस को इससे परेशानी हो रही है.

'कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी राष्ट्र प्रथम की भावना को तवज्जो नहीं दी. भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार है. उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया. वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. उन्होंने EVM को लेकर भी कांग्रेस पर पलटवार किया. वैष्णव ने कहा कि EVM देश में कांग्रेस ही लेकर आई थी. EVM से पहले बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं होती थीं, लेकिन तकनीक आने के बाद मतदान प्रक्रिया में सुधार हुआ. उन्होंने सवाल उठाया कि जहां कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां EVM ठीक रहती है और हारने पर सवाल खड़े किए जाते हैं.

'संसद में बहस के लिए तैयार हैं हम'
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भाजपा कांग्रेस से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है. संसद में भी हम विपक्ष के साथ हर मुद्दे पर बहस करने को तैयार हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता केवल पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव लाने का यज्ञ है. पार्टी इसी उद्देश्य के साथ काम कर रही है.

आतंकवाद और नक्सलवाद पर भी बोले वैष्णव
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने देश की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकियों को उनके घर में घुसकर जवाब देता है. नक्सलवाद को जड़-मूल से खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि देश से नशे की समस्या को भी समाप्त किया जाएगा. वैष्णव ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित और लोकतंत्र की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया.

अग्निवीरों के फैसले पर PM मोदी को दी बधाई, कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं, जयपुर में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अग्निवीरों के हित में लिए गए फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला बोला. सीएम ने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लागू किया था, उसने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया. कांग्रेस ने कई चुनी हुई सरकारों को गिराया और अब वही पार्टी लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग, सेना, सुप्रीम कोर्ट, ED और CBI जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती है, जब उसकी चोरी पकड़ी जाती है तो वह आरोप लगाने लगती है.

राहुल गांधी पर तंज, बोले- लोकसभा सत्र खत्म होते ही विदेश चले जाते हैं
भजनलाल शर्मा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा का सत्र समाप्त होते ही वे विदेश चले जाते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और सरकार के कामकाज का पूरा हिसाब जनता के सामने है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बिना कहा कि जोधपुर में उन्होंने कुछ कहा था, जिस पर कुछ लोग तिलमिला गए थे, लेकिन अभी तो वे और तिलमिलाएंगे.

RPSC नियुक्तियों और भ्रष्टाचार को लेकर पिछली सरकार पर हमला
सीएम ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में पिछली सरकार के दौरान गलत नियुक्तियां किए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार का एक मंत्री जेल से बाहर आया है और तत्कालीन मुख्यमंत्री का PSO भी पकड़ा गया था. खुद पर झूठ बोलने के आरोप लगाने वालों को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास सबूत हैं तो सामने रखे और उनकी सरकार के कामों का जवाब दें. मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास उनकी सरकार के रिपोर्ट कार्ड का कोई जवाब नहीं है और जनता परिवारवाद की राजनीति को पहले ही खारिज कर चुकी है.  
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kashiram Chaudhary

Kashiram Chaudhary

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More