App

ये हैं अष्टलक्ष्मी से लेकर लक्ष्मी नारायण समेत 7 मंदिर, जहां दिवाली पर दर्शन करने से सालभर घर में बनी रहती है धन की आवक!

Diwali Powerful Lakshmi Temple: दिवाली के मौके पर देवी लक्ष्मी की पूजा करने का विशेष महत्व है. अगर आप मां लक्ष्मी की विशेष कृपा पाना चाहते हैं तो मां लक्ष्मी के मंदिर में जाकर उनकी पूजा कर सकते हैं. आइए यहां 7 मंदिरों के बारे में जानें जो कि अष्टलक्ष्मी से लेकर लक्ष्मी नारायण को समर्पित है.

ये हैं अष्टलक्ष्मी से लेकर लक्ष्मी नारायण समेत 7 मंदिर, जहां दिवाली पर दर्शन करने से सालभर घर में बनी रहती है धन की आवक!

हिंदू धर्म का एक बड़ा पर्व दिवाली है जो पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. इस पर्व पर मां लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है. दिवाली के मौके पर देशभर के मां लक्ष्मी के मंदिरों में एक अलग ही तरह की रौनक होती है. अगर आप भी इस दिवाली पर मां लक्ष्मी के मंदिर में जाकर पूजा और दर्शन करना चाहते हैं तो आपको यह जान लेना चाहिए कि देश में कहां-कहां मां लक्ष्मी के मंदिर हैं. यहां हम अष्टलक्ष्मी से लेकर लक्ष्मी नारायण समेत 7 मंदिरों की लिस्ट लेकर आए हैं. जहां दर्शन करके आप मां लक्ष्मी की विशेष कृपा पा सकते हैं और धन का आशीर्वाद पा सकते हैं.

मुंबई का महालक्ष्मी मंदिर

​महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के दक्षिण हिस्से में एक मंदिर स्थित है जिसका नाम महालक्ष्मी मंदिर है. महालक्ष्मी रेलवे स्टेशन के पास स्थित मां लक्ष्मी को समर्पित यह मंदिर साल 1831 में बनाया गया  जो मां लक्ष्मी के प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिरों में से एक है. दिवाली के दिन इस मंदिर में गजब की भीड़ उमड़ती है. इस दिन लोग धन और समृद्धि की देवी महालक्ष्मी के दर्शन पाते हैं.

दिल्ली का लक्ष्मी नारायण मंदिर

दिल्ली के लक्ष्मी नारायण मंदिर की विशेष मान्यता है यहां पर दिवाली के मौके पर दर्शन करने का बड़ा महत्व बताया गया है. इस भव्य और खूबसूरत मंदिर को बिरला मंदिर के नाम से भी जाना जाता है. यह मंदिर भगवान नारायण और देवी लक्ष्मी को समर्पित है. दिवाली पर दर्शन के लिए यहां बहुत भीड़ उमड़ती है. मंदिर में इस दिन विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है और विशेष पूजा की जाती है.

इंदौर का महालक्ष्मी मंदिर

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के श्री महालक्ष्मी मंदिर की बड़ी मान्यता है. इस मंदिर को 1832 में मल्हारराव (द्वितीय) ने बनवाया था. इस मंदिर को हृदयस्थल राजवाड़ा की शान कहा जाता है. 1933 में यह मंदिर 3 मंजिला हुआ करता था, जब आग लगने के कारण मंदिर तहस-नहस हो गया, जिसके बाद मंदिर का जीर्णोद्धार साल 1942 में किया गया. आज के समय में इंदौर के इस मंदिर को मुंबई के महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर भव्य बनाया गया है.

कोलकाता का महालक्ष्मी मंदिर

​कोलकाता का महालक्ष्मी मंदिर प्रसिद्ध मां लक्ष्मी के मंदिरों में से एक है. दिवाली के दिन यहां विशेष पूजा की जाती है और कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है. दिवाली के मौके पर मंदिर को सजाया जाता है और दीपक जलाए जाते हैं. भक्त यहां आकर देवी लक्ष्मी के आशीर्वाद लेते हैं.

आंध्र प्रदेश का पद्मावती अम्मावरी मंदिर

आंध्र प्रदेश के तिरुपति के पास स्थित ​पद्मावती अम्मावारी मंदिर देवी पद्मावती को समर्पित है. देवी पद्मावती देवी लक्ष्मी का ही एक अवतार मानी गई हैं. मंदिर को लेकर ऐसी धार्मिक मान्यता है कि यहां पर देवी पद्मावती के दर्शन करने और उनकी पूजा करने से विवाह के योग बनते हैं और वैवाहिक जीवन में सुख और शांति का संचार होता है. दिवाली के मौके पर मंदिर में सैकड़ों दीपक जलाए जाते हैं.

केरल का चोट्टानिकरा मंदिर

चोट्टानिकरा मंदिर मां महालक्ष्मी को समर्पित है. इस मंदिर में भगवती राजराजेश्वरी के रूप में महालक्ष्मी पूजी जाती है. यहां पर माता की तीन रूपों में पूजा की जाती है. सुबह के समय मां सरस्वती के रूप में, दोपहर के समय मां लक्ष्मी के रूप में और शाम के समय महाकाली के रूप में. इस मंदिर में केरल की पारंपरिक वास्तुकला को देखा जा सकता है. दीवाली के मौके पर इस मंदिर में विशेष पूजा और आरती की जाती है और यहां पर भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

चेन्नई का अष्टलक्ष्मी मंदिर

चेन्नई के ​अष्टलक्ष्मी मंदिर में देवी लक्ष्मी के आठ रूपों की पूजा होती है यानी इस मंदिर में पूजा करने से एक साथ धन, ज्ञान, संतान और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है. बंगाल की खाड़ी के किनारे स्थित इस मंदिर में दिवाली के मौके पर विशेष पूजा और भव्य आरती की जाती है.

(Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, मंदिरों के दर्शन समय और पूजा विधि में बदलाव संभव है, यात्रा से पहले संबंधित मंदिर की आधिकारिक जानकारी जरूर जांच लें.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Padma Shree Shubham

Padma Shree Shubham

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More