राजस्थान पंचायत चुनाव: जयपुर की 8 पंचायत समितियों में वोटिंग जारी, जानें कहां कितनी वोटिंग?
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के पहले चरण में जयपुर जिले की 8 पंचायत समितियों में मतदान जारी है. सुबह 10 बजे तक 14.72% वोटिंग हुई. मौजमाबाद 16.79% मतदान के साथ आगे रहा, जबकि गोविंदगढ़ में सबसे कम 12.91% वोट पड़े.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत जयपुर जिले की 8 पंचायत समितियों में मतदान जारी है. गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह मॉकपोल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान शुरू हुआ. सुबह 10 बजे तक जिले में 14.72 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. शुरुआती तीन घंटों में मौजमाबाद पंचायत समिति मतदान के मामले में सबसे आगे रही.
8 पंचायत समितियों में वोटिंग जारी
जयपुर जिले में पहले चरण के तहत चौमूं, दूदू, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, मौजमाबाद और सांभर पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है. इन क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. मतदान शाम 6 बजे तक ईवीएम के जरिए होगा.
मौजमाबाद में सबसे ज्यादा मतदान
सुबह 10 बजे तक आए आंकड़ों के मुताबिक मौजमाबाद पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 16.79 फीसदी मतदान हुआ. जोबनेर में 15.96 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. चौमूं में 15.34 फीसदी और दूदू में 15.33 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
झोटवाड़ा में 14.78 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया. सांभर में 13.32 फीसदी और किशनगढ़ रेनवाल में 13.29 फीसदी वोटिंग हुई. वहीं, गोविंदगढ़ में सबसे कम 12.91 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. जिले में कुल मतदान प्रतिशत 14.72 रहा.
ये भी पढ़ें- राजस्थान पंचायत चुनाव: पहले चरण में आज 16 जिलों में मतदान, 85 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट
168 वार्डों में 477 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
जयपुर जिले में पहले चरण के चुनाव में कुल 168 वार्डों में प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है. इनमें जिला परिषद के 22 वार्ड और पंचायत समितियों के 146 वार्ड शामिल हैं. जिला परिषद के 22 वार्डों में 60 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 146 वार्डों में 417 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है. इस तरह कुल 477 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.
7.43 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
जिले में मतदान के लिए कुल 797 केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. पहले चरण के मतदान में इन मतदाताओं के वोट से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव होगा.
सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों में मौजमाबाद मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे है, जबकि गोविंदगढ़ सबसे पीछे रहा. अब मतदान की प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी.