App

2 दिन में 5 डिग्री लुढ़का पारा, कड़ाके की ठंड से ठिठुरे लोग, राजस्थान के आबूराज में जमाव बिंदु के करीब पहुंचा तापमान

माउंट आबू में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. दो दिनों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया. सुबह सड़कों पर सन्नाटा और रात में अलाव जलने लगे.

2 दिन में 5 डिग्री लुढ़का पारा, कड़ाके की ठंड से ठिठुरे लोग, राजस्थान के आबूराज में जमाव बिंदु के करीब पहुंचा तापमान
Image Credit: जमाव बिंदु के करीब पहुंचा राजस्थान के इकलौते हिल स्टेशन का पारा

राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल आबूराज में सर्दी ने अब अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है. लगातार गिरते तापमान के बीच पिछले दो दिन ने न्यूनतम तापमान में एक साथ 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंचने से ठंड का असर तेज हो गया है. कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर अब राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है. देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट.

आबूराज में बढ़ रहा सर्दी का सितम
आबूराज में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले एक सप्ताह से तापमान में गिरावट का दौर जारी है. एक सप्ताह पहले न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसके बाद ठंड के तेवर लगातार तीखे होते गए. दो दिनों में न्यूनतम तापमान में एक साथ 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया.

सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा 
बढ़ती ठंड का असर अब सुबह की दिनचर्या पर भी साफ नजर आने लगा है. अलसुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और इक्का-दुक्का स्थानीय लोग ही सैर करते दिखाई दिए. लोग गर्म कपड़ों के साथ टोपी, जैकेट और मफलर पहनकर घरों से बाहर निकल रहे हैं. वहीं, रात के समय ठंड से बचने के लिए जगह-जगह अलाव जलने लगे हैं.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर
दरअसल, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी का असर अब राजस्थान के पर्वतीय पर्यटन स्थल आबूराज में भी महसूस किया जा रहा है. तापमान में अचानक आई गिरावट ने स्थानीय लोगों के साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी ठंड का एहसास करवा दिया है. आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना के बीच सर्दी का असर और बढ़ सकता है.

फिलहाल आबूराज में सर्दी ने अपनी दस्तक को पूरी तरह से तेज कर दिया है. सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है. ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अब गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है.

राजस्थान में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना हुआ है. प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में 27 नवंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है. हालांकि, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छा सकते हैं.

राजस्थान में शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से 21 नवंबर 2026 को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, जैसलमेर में 30.1, जोधपुर में 30.1 और जवाई बांध पाली में 30.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ.

पूर्वी राजस्थान में छाएंगे आंशिक बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. हालांकि, इससे बारिश होने का कोई पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है. प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा.

27 नवंबर तक बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 21 से 27 नवंबर तक राजस्थान के किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के सभी जिलों में इस अवधि के दौरान कोई चेतावनी नहीं है.

तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा. ऐसे में फिलहाल मौसम शुष्क रहने और बारिश से राहत जारी रहने की संभावना है.

Reporter - Sharad Tak
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More