)
अगर आप दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चे का एडमिशन कराने की योजना बना रहे हैं, ये खबर आपके काम की है. दिल्ली के निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी. दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने एडमिशन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. अभिभावक 1 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे.
बता दें कि यह प्रक्रिया निजी स्कूलों की सामान्य श्रेणी की 75 फीसदी सीटों के लिए होगी. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), वंचित समूह (DG) और दिव्यांग बच्चों की 25 फीसदी आरक्षित सीटों के लिए अलग से दाखिला प्रक्रिया होगी. स्कूलों को 23 नवंबर से अपने दाखिला मानदंड और पॉइंट सिस्टम की जानकारी अपलोड करनी होगी. स्कूलों को 4 जनवरी 2027 को आवेदकों और उन्हें दिए गए अंकों की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी. अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक अपने बच्चों को दिए गए अंकों पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. 12 जनवरी को अंतिम पॉइंट लिस्ट जारी की जाएगी.
जारी शेड्यूल के अनुसार, पहली चयन सूची 20 जनवरी 2027 को जारी होगी. पहली सूची पर अभिभावक 21 से 28 जनवरी तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. वहीं, दूसरी चयन सूची 5 फरवरी को जारी होगी. जरूरत पड़ने पर 22 फरवरी को अगली सूची जारी की जाएगी. पूरी एडमिशन प्रक्रिया 12 मार्च 2027 तक पूरी करनी होगी. इसके लिए आयु सीमा भी तय की गई है. नर्सरी के लिए 31 मार्च 2027 तक बच्चे की उम्र 3 से 4 साल के बीच होनी चाहिए. लोअर KG के लिए 4 से 5 साल, अपर KG के लिए 5 से 6 साल. उम्र सीमा में स्कूल के प्रिंसिपल अधिकतम एक महीने की छूट दे सकते हैं.
स्कूल आवेदन के लिए केवल 25 रुपए का रजिस्ट्रेशन शुल्क ले सकते हैं. स्कूल का प्रॉस्पेक्टस खरीदना अनिवार्य नहीं होगा. प्रवेश के नाम पर कोई डोनेशन या कैपिटेशन फीस नहीं ली जा सकती. स्कूलों को अपने प्रवेश मानदंड और हर मानदंड के लिए तय किए गए अंक सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने होंगे. जारी अपडेट के अनुसार, चयन में समान अंक होने पर पारदर्शी तरीके से लॉटरी निकाली जाएगी. बच्चों का चयन इंटरव्यू या मौखिक परीक्षा के आधार पर नहीं किया जा सकता.
रिपोर्ट: देवेश कुमार