)
भारतीय क्रिकेट टीम ने टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में पहली बार एक दुर्लभ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी टीम ने एक ही पारी में शुरुआती सात विकेटों के लिए 50 या उससे अधिक रन की साझेदारियां की हों. वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन रविवार को भारत ने 9 विकेट पर 720 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी.
ध्रुव जुरेल के आउट होने के तुरंत बाद, दूसरे सेशन के एक घंटे के भीतर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला लिया. न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रनों पर सिमटने के बाद भारत ने 352 रनों की विशाल बढ़त हासिल की. इतना ही नहीं, भारत का यह 720 रनों का स्कोर न्यूजीलैंड की धरती पर दर्ज किया गया अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर भी है. पारी की शुरुआत में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े.
केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल के बीच इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की दमदार साझेदारी हुई. तीसरे विकेट के लिए केएल राहुल और शुभमन गिल ने 91 रन जोड़े, जिसके बाद शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की. पांचवें विकेट के लिए ऋषभ पंत और अंशुल कम्बोज ने 68 रन जोड़े, जबकि ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल ने छठे विकेट के लिए 75 रन की अहम साझेदारी की.

अंत में ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए 54 रन जोड़कर शुरुआती सात विकेटों पर 50+ साझेदारी का अनोखा क्रम पूरा किया. टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा 50 या उससे अधिक रन की साझेदारियों की लिस्ट में भारत का यह प्रदर्शन बेहद खास है, क्योंकि पहली बार शुरुआती सात विकेटों के लिए लगातार यह कारनामा हुआ है.
भारत के लिए केएल राहुल (136 रन) और ऋषभ पंत (128 रन) ने शतक लगाए, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 85 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन, शुभमन गिल ने 98 रन और ध्रुव जुरेल ने 78 रन बनाए. अंशुल कंबोज ने 38 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 24 रनों का योगदान दिया. न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 154 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं, रचिन रवींद्र ने 2 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा मैट हेनरी, काइल जेमिसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने 1-1 विकेट हासिल किए हैं.