)
राजस्थान के झालावाड़ जिले में पारिवारिक विवाद के चलते खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. उन्हेल थाना क्षेत्र के बैडला गांव में एक बहू ने अपने ससुर पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी बहू मौके से फरार हो गई. शनिवार रात अचानक हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
गुस्से में बहू ने ससुर पर किए चाकू से वार
उन्हेल थाना प्रभारी रामकरण कटारिया ने बताया कि बैडला गांव निवासी लाल कंवर का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर लाल कंवर ने अपने ससुर नैनसिंह पर धारदार चाकू से हमला कर दिया.
चाकू के वार से नैनसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. अचानक हुई इस वारदात के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलने पर उन्हेल थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल बुजुर्ग को चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है.
सास की शिकायत पर बहू के खिलाफ केस दर्ज
थाना प्रभारी रामकरण कटारिया के अनुसार, मामले में घायल नैनसिंह की पत्नी यानी आरोपी बहू की सास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने घायल बुजुर्ग के पर्चा बयान भी लिए हैं. वहीं, वारदात के बाद से आरोपी बहू लाल कंवर फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
पारिवारिक विवाद की वजह का खुलासा नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि परिवार में किस बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. जांच के बाद ही पारिवारिक कलह की असली वजह सामने आ सकेगी. वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.
Reporter- Mahesh Parihar