)
मशहूर कार कंपनी फोर्ड ने अपनी सबसे ताकतवर स्पोर्ट्स कार का एक नया और बेहद खास एडिशन पेश किया है. इसका नाम फोर्ड मस्टैंग GTD 1901 रखा गया है, जो पुराने स्प्रीट ऑफ अमेरिका स्पेशल एडिशन की जगह लेगी.
इस कार की अंदाजन कीमत 4 लाख डॉलर यानी करीब 3.3 करोड़ रुपये से भी ज्यादा मानी जा रही है. अपनी रॉयल रेड पेंट स्कीम, तिरछी काली धारियों और रेस रेड सिलाई वाली महोगनी रेड लेदर सीटों की वजह से ये देखने में बहुत जबरदस्त लगती है. कीमत ज्यादा होने के साथ-साथ इस कार के बहुत ही कम यूनिट्स बनेंगे. इसलिए पैसे होने पर भी इसे खरीद पाना आसान नहीं होगा.
इस कार का नाम और लाल रंग कंपनी के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा हुआ है. साल 1901 में कंपनी के संस्थापक हेनरी फोर्ड ने स्वीपस्टैक्स नाम की 26 हॉर्सपावर और 8.8-लीटर वाली दो-सिलेंडर रेसिंग कार बनाई थी.
उस रेस में हेनरी फोर्ड ने अमेरिका के सबसे बेहतरीन रेसर हेनरी विंटन को चौंकाते हुए हरा दिया था. अपनी पहली कंपनी बंद होने के बाद इसी जीत से मिली पहचान और भरोसे के दम पर उन्होंने आज की मशहूर फोर्ड मोटर कंपनी की नींव रखी थी.
नई मस्टैंग GTD 1901 में परफॉर्मेंस पैकेज स्टैंडर्ड तौर पर दिया गया है. इसमें एक्टिव रियर विंग, फ्रंट अंडरबॉडी फ्लैप्स, बड़ा फ्रंट स्प्लिटर और केबिन में आवाज कम रखने वाली टूल्स को घटाया गया है जिससे कार के वजन पर असर न पड़ें.
सप्लायर की दिक्कतों के कारण 2025 से टल रहे खास मैग्नीशियम पहिए भी इस मॉडल में आ गए हैं. इन पहियों की मदद से कार का वजन करीब 50.3 पाउंड यानी लगभग 22.8 किलोग्राम तक कम हो गया है, जिससे तेज रफ्तार पर बैलेंस और अच्छा हो जाता है.
कार के लुक को स्पोर्टी बनाने के लिए फ्रंट स्प्लिटर, डिफ्यूजर, रॉकर्स और पिछले विंग पर एक्सपोज्ड कार्बन फाइबर का इस्तेमाल किया गया है. केबिन के अंदर दरवाजों, डैशबोर्ड और सेंटर कंसोल पर प्रीमियम फुल-ग्रेन लेदर लगाया गया है.
इसके अलावा 3D-प्रिंटेड टाइटेनियम शिफ्ट पैडल और गियर सिलेक्टर डायल को भी नया डिजाइन दिया गया है. इस कार की एक अनोखी खूबी इसका मल्टीमैटिक सस्पेंशन है, जिसे काम करते हुए आप केबिन के अंदर बनी एक खास खिड़की से सीधे देख सकते हैं.
ताकत के मामले में ये कार किसी सुपरकार से कम नहीं है. इसमें 5.2-लीटर का सुपरचार्ज्ड V-8 इंजन लगा है, जो 815 हॉर्सपावर की जबरदस्त ताकत पैदा करता है और इसे आठ-स्पीड डुअल-क्लच ट्रांसएक्सल के जरिए पहियों तक भेजता है. इस कार की टॉप स्पीड 325 किमी प्रति घंटा है
कंपनी का अनुमान है कि हर साल GTD की कुल 300 से 700 कारें ही बनेंगी, जिनमें से सिर्फ 20 प्रतिशत ही 1901 मॉडल होंगे. इस खास कार की डिलीवरी साल 2027 की दूसरी तिमाही से शुरू होने की उम्मीद है.
इस स्पेशल एडिशन के कई फीचर्स 2028 मॉडल ईयर की बाकी मस्टैंग GTD कारों में भी दिए जाएंगे. मैग्नीशियम पहिए अब काले और लस्टर निकल फिनिश में अन्य मॉडलों के लिए भी उपलब्ध होंगे और कंपनी पुराने ग्राहकों को भी इन्हें अपग्रेड करने का ऑप्शन देने पर विचार कर रही है.
इसके अलावा ऑफ-सेंटर पेंटेड स्ट्राइप्स और कार्बन फाइबर बॉडी के साथ टील एक्सेंट वाला लिक्विड कार्बन पैकेज भी मिलेगा. फिलहाल ग्राहकों की भारी मांग को पूरा करने के साथ-साथ फोर्ड की तरफ से आने वाली GTD Competition कार का भी इंतजार किया जा रहा है.