)
SpiceJet Crisis Update: स्पाइसजेट एयरलाइन संकट से जूझ रही है. कंपनी पर 4200 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है. स्पाइसजेट पर विमान पट्टे पर देने वाली कंपनियों, ऑयल सप्लायर्स और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों का भारी भरकम बकाया है. जिसके चलते उसके बेड़े में सिर्फ 13 फ्लाइटें रह गई हैं. हर दिन स्पाइसजेट की फ्लाइटें कैंसिल हो रही है, घंटों की देरी से चल रही है. बकाए के चलते कई एयरपोर्ट्स पर टेक-ऑफ और लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने की वजह से स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द हो रही हैं, लेकिन हैरानी की बात हैं कि एयरलाइन से टिकट बुकिंग को अब तक नहीं बंद किया है. मतलब ये कि फ्लाइटें उड़ेंगी या नहीं ये पक्का नहीं है, लेकिन टिकटों की बिक्री जारी रहेगी.
फ्लाइटें कैंसिल, लेकिन टिकट बुकिंग जारी
स्पराइसजेट दिवालियापन के कगार पर खड़ी है . कंपनी के प्रमोटर ने 5500 करोड़ रुपये के निवेश का प्लान तैयार किया है, लेकिन अब तक किसी भी निवेशक ने पैसा लगाने में रुचि नहीं दिखाई है. दुबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की चेक-इन फैसिलिटी को बंद कर दिया गया है. मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु की 74% उड़ानें रद्द हैं, क्योंकि एयरपोर्ट सुविधाओं का बकाया नहीं चुकाया गया है. ऐसे में जब ये तय नहीं है कि फ्लाइट टेकऑफ करेगी या नहीं, टिकटों की बुकिंग जारी रखना, सिर्फ यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है.
फ्लाइटें कैंसिल, तो फिर टिकट की बुकिंग क्यों?
फ्लाइट कैंसिल होने पर, घंटों की देरी से यात्री परेशान हैं. एयरपोर्ट पर भारी भीड़ हो रही है. यात्रा नहीं कर पाने की स्थिति में, फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद आपको टिकट रिफंड के लिए महीनों का इंतजार करना पड़ सकता है. रिफंड की देरी से आपका पैसा उतने दिनों के लिए लॉक रहता है. ऐसे में सवाल है कि स्पाइसजेंट की उड़ानों के लगातार रद्द होने और देरी से उड़ाने भरने के बीच क्यों एयरलाइन की टिकट बुकिंग सुविधा को जारी रखा गया है.
बुकिंग जारी, उड़ानें रद्द
स्पाइसजेट की वेबसाइट पर दिल्ली-दुबई की बुकिंग , दिल्ली-मुंबई की 24 नवंबर की उड़ानों की बुकिंग बिना किसी बाधा या चेतावनी के आसानी से बुक हो रही है , जबकि इस रूट पर स्पाइसजेट की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है. इस रूट पर स्पाइसजेट ने 8 से ज्यादा फ्लाइटें कैंसिल हुई. ऐसे में ये समझ से परे हैं कि जब एयरलाइन की उड़ानों पर संकट बना हुआ है, तो उसकी वेबसाइट पर बुकिंग बिना किसी चेतावनी के जारी क्यों रखी गई है.