)
SpiceJet Airlines Crisis: किंगफिशर, गो फर्स्ट, जेट एयरवेज, सहारा...ये उन एयरलाइंस की लिस्ट हैं, जो कभी आसमान पर राज करते थे, वही आसमान इन एयरलाइंस के लिए कब्रिस्तान बन गया. क्या इस लिस्ट में अब स्पाइसजेट का नाम भी शामिल होने वाला है? क्या आर्थिक संकट से जूझ रही स्पाइसजेट की उड़ानें ठप पड़ जाएंगी और विमान कंपनी पर ताला जड़ जाएगा? भारत के एविएशन सेक्टर के सामने कौन-सी चुनौती है, जो आजादी के बाद से 75 से ज्यादा छोटी-बड़ी एयरलाइंस कंपनियां क्यों बंद हो गई?
साल 2019 तक स्पाइसजेट देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइंस थी, लेकिन आज कंपनी दिवालियापन के कगार पर पहुंच चुकी है. 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा कर्ज और खराब मैनेंजमेंट की बदौलत SpiceJet की फ्लाइटें गाउंडेंड हो चुकी है. जिस एयरलाइंस के पास कभी 100 के ज्यादा विमान थे, आज उसके पास सिर्फ 13 फ्लाइटें रह गई हैं, जिसमें से भी 10 से कम विमान उड़ान भरने की हालात में है. लीज पर विमान देने वाली कंपनियों के पेमेंट नहीं करने की वजह से स्पाइसजेट की फ्लाइटें या तो ग्राउंडेड हैं या फिर उन्हें बेड़े से बाहर कर दिया गया है.
स्पाइसजेट की फ्लाइटें लगातार कैंसिल हो रही है, कई घंटों की देरी से उड़ान भर रही है. ऑपरेशनल गड़बड़ियों के चलते नागरिक उड्डयन महानिदेशायल DGCA ने एयरलाइन को नोटिस भेजा है. 17 नवंबर को नोटिस भेजकर अगले 7 दिनों में एयरलाइन से जवाब मांगा गया है.
DGCA ने डोमेस्टिक रूट्स पर बार-बार उड़ानें रद्द करने पर स्पाइसजेट से जवाब मांगा है. विंटर शेड्यूल के मुताबिक स्पाइसजेट के पास रोजाना 66 उड़ानों की मंजूरी है, लेकिन कंपनी 15 से भी कम उड़ानें चला पा रही है.
स्पाइसजेट फ्लाइटें कैंसिल होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी पर DGCA एयरलाइन की ओर किए गए इंतजामों को लेकर सवाल उठाएं हैं.
स्पाइसजेट पर 11 मई 2026 को भी DGCA ने जुर्माना लगाया था, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया. नियामक ने एयरलाइन के जरूरी बीमा कवर के रिन्यूअल पर भी सवाल उठाए हैं.
इंटरनेशनल रूट्स पर भी स्पाइसजेट की उड़ानें विवादों में घिरी है. विदेशी विमानन एजेंसियों ने स्पाइसजेट की उड़ानों में गड़बड़ी को लेकर DGCA से शिकायत की है.
उड़ान के नियमों की अनदेखी, भुगतान में देरी जैसी शर्तों पर भी सवाल उठाया है. नियम के मुताबिक इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए एयरलाइन के पास कम से कम 20 विमान होना चाहिए, फिलहाल स्पाइसजेट इस शर्त को पूरा नहीं कर पा रही है.
स्पाइसजेट की फ्लाइटों में देरी पर भी सवाल उठाया गया है. सितंबर में सिर्फ 16 फीसदी फ्लाइटें की टाइम पर उड़ी. इस दौरान करीब 36 हजार यात्रियों को देरी और करीब 22 हजार यात्रियों को फ्लाइट कैंसिलेशन का सामना करना पड़ा.
DGCA डेटा के मुताबिक जनवरी 2026 में स्पाइसजेट की सिर्फ 1.44% फ्लाइटें रद्द हुई थी, जो अगस्त में बढ़कर 20.92% , सितंबर में 20.29% पर पहुंच गई.
फ्यूल चार्ज, पार्किंग चार्ज जैसे फीस न देने पर एयरलाइंस को कई एयरपोर्ट पर लैंडिंग और टेक ऑफ से रोका जा रहा है. दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की 74% उड़ानें रद्द हो चुकी है. जून 2026 से स्पाइसजेट के स्टाफ और पायलट को सैलरी नहीं मिली है, जिसकी वजह से इम्प्लॉयी नौकरी छोड़कर जा रहे हैं.
स्पाइसजेट भारी कर्ज के बोझ से दबा है. CareEdge रेटिंग डेटा के मुताबिक मार्च 2025 तक स्पाइसजेट का कुल कर्ज 4218 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इसमें से 3329 करोड़ रुपये विमान लीज की देनदारी है. दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी Dnata ने 35.8 करोड़ रुपये के बकाए के चलते स्पाइसजेट की चेक-इन फैसिलिटी रोक दी. कर्ज को बोझ कम करने के लिए स्पाइसजेट बोर्ड ने 18 नवंबर को 5500 करोड़ जुटाने को मंजूरी दी, लेकिन कंपनी को कोई इन्वेस्टर नहीं मिल रहा है.
सवाल ये कि जो एयरलाइन 2019-20 तक रोजाना लगभग 250 उड़ाने भर रहा था, 48 से ज्यादा डोमेस्टिक-इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कनेक्ट कर रहा था, अगस्त 2026 तक 2.60 लाख यात्रियों को (घरेलू रूट पर) , जिसके बेड़े में बोइंद 737, Q400 जैसे विमान शामिल हैं, वो अचानक इस हालत में कैसे पहुंच गई.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमत ने ATF के दाम बढ़ा दिए. महंगे एटीएफ ने एयरलाइन के ऑपरेशनल कॉस्ट में भारी बढ़ोतरी कर दी. एयरलाइन के ऑपरेशन कॉस्ट में ATF की हिस्सेदारी 45 % तक पहुंच गई. इसके ऊपर से प्रतिस्पर्धा के चक्कर में लो-कॉस्ट कैरियर ने टिकटों के दाम को कम रखा, इकोनॉमिक्स एक्सपर्ट प्रोफेसर दिनेश कुमार की माने तो लो कॉस्ट यानी लागत से भी कम पर टिकट बेचकर कंपनियां यात्रियों को आकर्षित कर लेती है. प्राइस वॉर शॉर्ट टर्म में उन्हें फायदा भी पहुंचाता है, लेकिन लॉन्ग टर्म में ये कम कैपिटल वाली एयरलाइंस का बहीखाता बिगाड़ देता है, जैसा ही स्पाइसजेट के साथ भी हुआ है. सस्ती उड़ानें आज स्पाइसजेट के बैलेंसशीट पर भारी पड़ रही है. खराब मैनेंजमेंट स्किल ने भी स्पाइसजेट की बर्बादी में आग में घी डालने का काम किया है. कर्ज का पहाड़ खड़ा कर, कंपनी ने बस विस्तार पर फोकस करती रही, लेकिन कंपनी ने बैकअप तैयार नहीं किया.
स्पाइसजेट की कहानी नई नहीं है, किंगफिशर और जेट एयरवेज जैसे एयरलाइंस ने भी यही गलती की. शराब कारोबारी विजय माल्या ने साल 2005 में किंगफिशर की शुरुआत की. एयर ट्रैवर में लग्जरी का नया एक्सपीरियंस दिया, लेकिन कंपनी शुरू होने के बाद से कभी भी मुनाफे में नहीं आई. कर्ज का बोझ बढ़ता गया और आखिरकार साल 2012 में किंगफिशर को बंद करना पड़ा.
1993 में अस्तित्व में आई जेट एयरवेज देश की सबसे बड़ी विमान कंपनी हुआ करती थी, लेकिन एविएशन सेक्टर में बढ़ते प्राइस वॉर को टक्कर देने के चक्कर में कंपनी दिवालिया हो गई. साल 2019 में एयरलाइन को अपने ऑपरेशन बंद करना पड़ा.